संविधान के झंडाबरदार ही देते रहे बाबा साहब की भावनाओं को दगा : मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस का नाम लिए बिना उस पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए रविवार को कहा कि संविधान के झंडाबरदार बनने वाले कुछ लोगों ने किस तरह से संविधान को कुचला है उसे सुनकर लोग सन्न रह जायेंगे जबकि उनकी सरकार पिछली सरकारों की गलतियों को सुधारने में लगी है।

मोदी राजधानी में 11 हजार करोड़ रुपए की राष्ट्रीय महत्व की विभिन्न राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन करने के बाद एक सभा को संबोधित कर रहे थे।प्रधानमंत्री ने कांग्रेस और उसके नेता राहुल गांधी के भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर संविधान की अवेहलना करने के आरोपों का उनका नाम लिए बिना करारा जवाब दिया। उन्होंंने कहा कि सामाजिक न्याय और संविधान की बात करने वाले लोगों ने ही बाबा साहब की भावनाओं को दगा दिया।

उन्होंंने कहा कि ये लोग जो सर पर संविधान रखकर नाचते हैं ना, वो संविधान को कैसे कुचलते थे, वे बाबा साहब की भावनाओं को कैसे दगा देते थे थे, मैं आज वो सच्चाई आपको बताने जा रहा हूं। मैं कहता हूं आप यह सुनकर सन्न रह जाएंगे। मोदी ने कहा कि दिल्ली में सफाईकर्मियों के लिए ऐसे कानून बना रखे थे कि यदि कोई सफाईकर्मी एक दिन काम पर नहीं आता था तो उसे एक महीने के लिए जेल में डाला जा सकता था। उन्होंंने कहा कि उनकी सरकार ने इन कानूनों को समाप्त कर दिया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मेरे सफाई कर्मी भाई बहन जो दिल्ली में काम करते हैं। उनके लिए एक खतरनाक कानून था इस देश में। दिल्ली नगर निगम अधिनियम में एक बात लिखी थी कि यदि कोई सफाई कर्मी मित्र बिना बताए एक दिन काम पर नहीं आता तो उसे एक महीने के लिए जेल में डाला जा सकता था। आप बताइए, खुद सोचिए कि सफाई कर्मियों को लोग क्या समझते थे। क्या आप उन्हें जेल में डाल देंगे वह भी एक छोटी सी गलती के कारण। आज जो सामाजिक न्याय की बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, उन्होंने ऐसे कई नियम कानून देश में बने हुए रखे थे। यह मोदी है जो इस तरह के गलत कानून को खोज खोज कर के खत्म कर रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा पिछली सरकारों ने दिल्ली को गढ्ढे में गिरा दिया था। दिल्ली को उस गर्त से निकालने और विकास के धरातल पर आगे बढाने के कठिन काम को भाजपा सरकार पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली और आसपास के सभी राज्यों में भाजपा की सरकारें है और इसलिए एनसीआर का विकास करना हमारा दायित्व है। उन्होंने कहा कि कुछ दलों को भाजपा को मिल रहे जन विश्वास पर भरोसा नहीं है। उन्होंने यमुना के पानी में हरियाणा में जहर मिलाने के दिल्ली की आम आदमी पार्टी की सरकार के नेताओं के बयानों का भी उल्लेख किया।

मोदी ने कहा कि जनता ही हमारी हाई कमान है, हम जनता के जीवन को बेहतर बनायें, यही हमारी नीति और संकल्प है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में युवाओं को पारदर्शिता से नौकरी दी जा रही है। दिल्ली में झुग्गी वालों को पक्के घर, गैस कनेक्शन और बिजली दी जा रही है। पिछले 11 साल में देश में रिकार्ड सड़कें, स्टेशनों के आधुनिकीकरण का काम और अन्य सुविधाओं का विस्तार किया गया है। हिंडन (गाजियाबाद) से विभिन्न शहरों को उड़ानें परिचालित की जा रही है। नोएडा एयरपोर्ट भी जल्दी ही शुरू हो रहा है।

उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के समय में दिल्ली में योजनाएं तो बहुत बनी लेकिन काम नहीं किया गया। जनता ने भाजपा को मौका दिया तो काम शुरू हुआ और अब हर क्षेत्र में काम हो रहा है। द्वारका एक्सप्रेस-वे जैसी परियोजनाएं शुरू हुयी हैं और उनकी सरकार ने अवसंरचना विकास का बजट बढ़ा दिया है।प्रधानमंत्री ने आज जिन परियोजनाओं का लोकार्पण किया उनमें द्वारका एक्सप्रेसवे का दिल्ली खंड और शहरी विस्तार मार्ग-2 भी शामिल है।

इस अवसर पर केंद्रीय परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, राज्य मंत्री अजय टमटा और हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली के उप राज्यपाल वी के सक्सेना,मुख्य मंत्री रेखा गुप्ता और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, दिल्ली सरकार के मंत्रीगण, सांसद तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।