बीकानेर। राजस्थान में बीकानेर जिले के छत्तरगढ़ थाना क्षेत्र में गुरुवार को परस्पर झगड़े में तीन लोगों की मौत हाे गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि ग्राम पंचायत खारवाली के सुरजनवाली गांव में किसी लड़की के रिश्ते को लेकर हो रही पंचायत में दो पक्षों में कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। दोनों पक्षों के लोगों ने संघर्ष में चाकुओं का इस्तेमाल किया, इससे तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों में दो व्यक्ति खारवाली गांव और एक व्यक्ति सुरजनवाली गांव का निवासी बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही खाजूवाला वृत्ताधिकारी आकांक्षा चौधरी पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने क्षेत्र में अतिरिक्त जाब्ता तैनात करके स्थिति को नियंत्रण में लिया है। एक आरोपी को हिरासत में भी लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान करीम खां, बिंदू खां और अली शेर के रूप में हुई हैं। तीनों रिश्तेदार हैं। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला लड़की के रिश्ते को लेकर हुए विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव अस्पताल भिजवा दिये। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



