भरतपुर। राजस्थान में भरतपुर के बयाना क्षेत्र से गंगास्नान के लिए उत्तरप्रदेश के सोरोंजी के लिए जा रहे एक ही परिवार के श्रद्धालुओं की लोक परिवहन बस के शनिवार को कासगंज में उत्तरप्रदेश परिवहन की बस से टकराने से एक महिला सहित तीन बुजुर्गों की मौत हो गई जबकि कई घायल हाे गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात 11 बजे परिवार के 40 लोग बस से सोरोंजी के लिए रवाना हुए थे। बस में सवार परिवार के अधिकतर लोग हादसे में घायल हुए हैं। मृतकों की पहचान गिर्राज सिंह (85), पीतम (65) और राम धकेली (80) के रूप में हुई है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि गिर्राज सिंह और पीतम की मौके पर ही मौत हो गई जबकि रामधकेली को कासगंज से भरतपुर के आरबीएम अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि हादसे का कारण चालक को झपकी आना बताया जा रहा है। कुछ घायलों को राजस्थान रोडवेज की बस से भरतपुर लाया गया है जबकि अन्य कई घायलों को उनके परिजनों ने निजी वाहनों से भरतपुर लाकर निजी अस्पतालों में भर्ती कराया है।



