चेन्नई। चेन्नई-त्रिची राष्ट्रीय राजमार्ग पर बीती देर रात एक दुखद हादसे में मदुरंतकम के पास टायर फटने से कार पलटने के कारण तीन छात्रों की मौत हो गई और चार गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना चेन्नई से लगभग 85 किलोमीटर दूर हुई है।
पल्लावरम के एक निजी महाविद्यालय में पढ़ने वाले ये सभी सात छात्र पुड्डुचेरी से चेन्नई लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। तेज रफ्तार कार का एक पिछला टायर अचानक फट गया, जिससे चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार सड़क के बीचों-बीच पलट गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह से चकनाचूर हो गई।
स्थानीय लोगों और राहगीरों ने पुलिस तथा अग्निशमन विभाग के कर्मियों के साथ मिलकर कड़ी मशक्कत से सातों छात्रों को बाहर निकाला और उन्हें चंगलपट्टू एवं मदुरंतकम के सरकारी अस्पतालों में पहुंचाया। उपचार के बावजूद तीन छात्र कुड्डालोर के दीपक राज (19), कन्याकुमारी के पियूटेरिन स्टेनिगो (21) और करूर के राज प्रसाद (20) ने शनिवार सुबह दम तोड़ दिया।
चार अन्य घायलों करूर के रघु प्रसाद (19), अलंदूर के हरि कृष्णन (19) और कुड्डालोर के अनीश्वरन (19) एवं लोकेश्वरन (19) आईसीयू में भर्ती हैं और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार कार छात्रों के ही एक दोस्त की थी और हादसे के समय हरि कृष्णन गाड़ी चला रहा था। हादसे के बाद इस व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो घंटे से अधिक समय तक यातायात प्रभावित रहा। मदुरंतकम पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



