सवाईमाधोपुर। राजस्थान में सवाईमाधोपुर में रणथंभौर बाघ अभयारण्य के सुल्तानपुर वन क्षेत्र में दो दिन पहले गश्त के दौरान वनकर्मियों के सामने आकर झपट्टा मारने वाले बाघ आरबीटी-2511 त्रिनेत्र गणेश मंदिर मार्ग पर अचानक पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं का रास्ता रोककर खड़ा हो गया।
वन विभाग के सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि इस दौरान बाघ करीब एक घंटे तक रास्ते में वाहनों के आगे चहलकदमी करके करीब तीन घंटे तक आसपास के क्षेत्रों में घूमता रहा।
वन विभाग के दल ने बाघ की निगरानी शुरू की है। रणथंभौर में बुधवार को साप्ताहिक छुट्टी होने के कारण सफारी बंद थी। बड़ी संख्या में पर्यटक रणथंभौर फोर्ट और त्रिनेत्र गणेश मंदिर पहुंचे थे। इसी बीच शाम को आड़ा बालाजी के पास बाघ आरबीटी-2511 रास्ते पर दिखाई दिया।
बाघ के आने से वाहनों की लंबी कतार लग गईं। करीब एक घंटे बाद बाघ गोमुखी की ओर बढ़ गया। वह देर शाम तक गोमुखी के पास नाले में रहा। इस दौरान वन विभाग का दल लगातार उसकी निगरानी करता रहा।



