टीएमसी सांसद काकोली घोष ने कल्याण बनर्जी के खिलाफ की ओम बिरला से शिकायत

0

कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से अपनी ही पार्टी के सांसद कल्याण बनर्जी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। काकोली ने आरोप लगाया है कि बनर्जी सदन के अंदर महिला सांसदों के साथ बार-बार ज़ुबानी बदतमीज़ी और अपमानजनक व्यवहार करते हैं। यह शिकायत बुधवार को सार्वजनिक हुई, जिसके बाद तृणमूल कांग्रेस के अंदर चल रही फूट में एक नया मोड़ आ गया है।

काकोली ने लोकसभा अध्यक्ष से बनर्जी के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज करने की अनुमति मांगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि बनर्जी ने संसदीय कार्यवाही के दौरान ज़ुबानी टिप्पणियों के ज़रिये उन्हें और कई अन्य महिला सांसदों को बार-बार अपमानित किया है। उन्होंने दावा किया कि ऐसा व्यवहार महिला-विरोधी है और महिला सांसदों के प्रति अपमानजनक है।

उन्होंने बिरला से संसद में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ज़रूरी कदम उठाने का आग्रह किया। इस घटनाक्रम ने ज़ोरदार राजनीतिक चर्चा छेड़ दी है, खासकर इसलिए क्योंकि शिकायतकर्ता और आरोपी दोनों एक ही राजनीतिक दल से हैं। इस घटना को तृणमूल कांग्रेस के अंदर बढ़ती दरार का संकेत भी माना जा रहा है।

गौरतलब है कि यह पत्र ऐसे समय सामने आया है, जब काकोली ने न केवल पार्टी नेतृत्व से दूरी बना ली थी, बल्कि कई संगठनात्मक पदों से भी इस्तीफा दे दिया है। फिलहाल, वह सिर्फ़ तृणमूल कांग्रेस की सांसद हैं। इससे पहले 15 मई को उन्हें लोकसभा में तृणमूल कांग्रेस संसदीय दल के मुख्य सचेतक के पद से हटा दिया गया और उनकी जगह कल्याण बनर्जी को नियुक्त किया गया। इसके एक दिन बात काकोली ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके अपनी निराशा ज़ाहिर की।

इससे पहले, बारासात की सांसद ने पार्टी के बारासात संगठनात्मक ज़िले के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था और बाद में तृणमूल कांग्रेस की महिला शाखा में एक वरिष्ठ पद से भी इस्तीफा दे दिया था। राजनीतिक हलचल को और बढ़ाते हुए काकोली ने हाल ही में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की अध्यक्षता में हुई एक प्रशासनिक बैठक में हिस्सा लिया था। एक दिन बाद, उन्होंने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया और कथित तौर पर तृणमूल कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुब्रत बख्शी को एक औपचारिक पत्र भेजा।