
सबगुरू न्यूज-सिरोही। भाजपा के कोर वोट बैंक रहे ब्राह्मण समाज में भाजपा के जिलाध्यक्ष रक्षा भंडारी के खिलाफ जबरदस्त आक्रोश देखने को मिल रहा है। परशुराम भवन में मंगलवार को हुई बैठक के बाद नगर पालिका चुनावों में आबूरोड में भाजपा जिलाध्यक्ष द्वारा ब्राह्मण समाज को दरकिनार करने को लेकर रोष जताया गया।
बैठक में ये तथ्य सामने आया कि आबूरोड में नगर पालिका क्षेत्र में दस हजार से ज्यादा ब्राह्मण मतदाता हैं। ये सभी भाजपा के कोर वोटर हैं। इसके बावजूद आबूरोड शहर में भाजपा ने ब्राह्मण समाज की अनदेखी करते हुए उनको उनकी संख्या के अनुसार प्रतिनिधत्व नहीं दिया। इसे लेकर ब्राह्मण समाज में जबरदस्त आक्रोश है। भाजपा जिलाध्यक्ष रक्षा भंडारी द्वारा ब्राह्मणों की कथित अनदेखी करने के खिलाफ अपना प्रबल आक्रोश दिखाने को ब्राह्मण समाज बुधवार को रक्षा भंडारी को पुतला दहन करके अपना आक्रोश जताएगा। इस कार्यक्रम के लिए प्रसारित किए जा रहे बैनर में रक्षा भंडारी के विरोध में ब्राह्मण समाज ने नया नारा गढ़ा है। भाजपा तुझसे बैर नहीं रक्षा तेरी खैर नहीं। इसी नारे के साथ शाम पांच बजे परशुराम भवन से स्टेशन तक रैली निकाली जाएगी। वहां पर पुतला दहन किया जाएगा। भाजपा पर इसी तरह के आरोप सिरोही में भी लग रहे हैं कि उसने सामान्य वर्ग के प्रत्याशियों का हक मारकर अन्य वर्ग को वहां टिकिट दे दिया।
-सिरोही में सेन समाज का निंदा प्रस्ताव
सिरोही नगर पालिका क्षेत्र में भी भाजपा के मूल वोट बैंक में नाराजगी दिखी है। वहां पर सेन समाज ने उनके समाज को एक भी टिकिट नहीं दिए जाने को लेकर भाजपा के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया है। सेन समाज ने भाजपा और उनकी लगातार अनदेखी का आरोप लगाया है। उन्होंने भाजपा पर सेन समाज के हितों को नजरअंदाज करे और असमानता व भेदभाव की नीति अपनाने का आरोप लगाया है।


