बारां में 7 हजार रुपए रिश्वत लेते यातायात प्रभारी उप निरीक्षक अरेस्ट

1

बारां। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बारां में रविवार को यातायात प्रभारी उप निरीक्षक को सात हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया।

ब्यूरो के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि परिवादी ने ब्यूरो की बारां चौकी में शिकायत की कि यातायात प्रभारी उप निरीक्षक चन्द्रप्रकाश ने उसकी मिट्टी रेत से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली पकड़ी जिसमें उसने 27 हजार रुपए लिए और अब वह ट्रैक्टर से मिट्टी रेत निर्बाध ले जाने की एवज में 10 हजार रुपए की मासिक राशि मांग रहा है।

सूत्रों ने बताया कि सत्यापन के दौरान चंद्रप्रकाश के सात हजार रुपए लेने पर सहमत होने की पुष्टि हो गई। इस पर ब्यूरो की बारां चौकी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कालू राम वर्मा के नेतृत्व में गठित ब्यूरो के दल ने जाल बिछाकर चंद्रप्रकाश को परिवादी से सात हजार रुपए की रिश्वत लेते दबोच लिया।