प्रसिद्ध तीर्थ स्थल पंढरपुर के पास दर्दनाक सड़क हादसा, 9 तीर्थयात्रियों की मौत

0

मुंबई। महाराष्ट्र के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल पंढरपुर के पास रविवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में कई महिलाओं और बच्चों सहित नौ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। पुलिस महानिदेशक कार्यालय के सूत्रों ने रविवार को इस घटना की पुष्टि की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा म्हसवड-पंढरपुर मार्ग पर उस समय हुआ जब सिद्धनाथ के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा एक तेज रफ्तार टेंपो अचानक अनियंत्रित हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन में क्षमता से अधिक लोग सवार थे और संतुलन बिगड़ने के कारण वह सड़क किनारे एक कुएं में जा गिरा और पलट गया।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में घायल हुए यात्रियों को इलाज के लिए सोलापुर जिले के नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हालांकि, जिला प्रशासन की ओर से अभी हताहतों के अंतिम आंकड़ों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

स्थानीय पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार और वाहन में क्षमता से अधिक सवारी होना इस भीषण दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है।