तृणमूल सांसद प्रकाश चिक बराइक ने राज्यसभा की सदस्यता से दिया इस्तीफा

0

नई दिल्ली। तृणमूल कांग्रेस सांसद प्रकाश चिक बराइक ने गुरुवार को राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफ़ा दे दिया और इसके साथ ही अब तक पार्टी के तीन सांसद उच्च सदन से इस्तीफा दे चुके हैं।

बराइक ने यहां राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन को अपना इस्तीफ़ा औपचारिक रूप से सौंपा। उनके इस्तीफ़े के साथ ही राज्यसभा में तृणमूल कांग्रेस की सदस्य संख्या घटकर 10 रह गई है। इससे पहले सुखेंदु शेखर रॉय और सुष्मिता देव राज्य सभा से इस्तीफा दे चुकी हैं।

उत्तरी बंगाल में पार्टी के प्रमुख युवा चेहरों में से एक माने जाने वाले बराइक राजनीतिक हलकों में तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के करीबी के तौर पर जाने जाते रहे हैं।

पार्टी ने उन्हें 2023 में राज्यसभा भेजा था और बाद में 2024 के आम चुनाव में अलीपुरद्वार लोकसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतारा था लेकिन वह हार गए थे। तृणमूल नेतृत्व ने उत्तरी बंगाल में पार्टी संगठन को मज़बूत करने की अपनी कोशिशों में उन्हें एक प्रमुख नेता के तौर पर पेश किया था। उनके अचानक इस्तीफ़े के कारण अभी स्पष्ट नहीं हैं और उन्होंने अब तक कोई सार्वजनिक बयान नहीं दिया है।