टीवी धारावाहिक ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ ने पूरे किए 18 साल

0

मुंबई। सोनी सब और नीला फिल्म प्रोडक्शन्स के लोकप्रिय धारावाहिक ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ ने प्रसारण के 18 वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस अवसर पर 18 दिवसीय विशेष उत्सव का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें प्रशंसकों के लिए विशेष गतिविधियां, पारिवारिक प्रतियोगिताएं और स्मारक मर्चेंडाइज शामिल हैं।

असित कुमार मोदी द्वारा निर्मित यह शो भारतीय टेलीविजन के सबसे लंबे समय तक चलने वाले सिटकॉम में शामिल है। पिछले 18 वर्षों में यह कार्यक्रम अपनी हास्यपूर्ण कहानियों, सामाजिक संदेशों और पारिवारिक मूल्यों के कारण दर्शकों के बीच लोकप्रिय बना हुआ है।

निर्माताओं के अनुसार, वर्षगांठ समारोह के तहत 28 जुलाई को जन्मदिन मनाने वाले 40 प्रशंसकों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा विशेष टीएमकेओसी फैन कॉन्टेस्ट का आयोजन किया गया है, जिसमें 18 विजेता परिवारों को शो से जुड़े विशेष अनुभव प्रदान किए जाएंगे। इस अवसर पर विशेष संस्करण के मर्चेंडाइज भी जारी किए गए हैं।

शो के 19वें वर्ष में प्रवेश के साथ दर्शकों को गोकुलधाम सोसाइटी का नया रूप भी देखने को मिलेगा। हालांकि, शो की मूल भावना, पारिवारिक मूल्यों, सामाजिक सदभाव और सकारात्मकता को बरकरार रखा जाएगा।

सोनी सब के मुख्य कंटेंट अधिकारी अजय भालवंकर ने कहा कि ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ ने 18 वर्षों तक लाखों परिवारों के बीच खुशियां और सकारात्मकता पहुंचाने का कार्य किया है। वहीं, नीला फिल्म प्रोडक्शन्स के संस्थापक असित कुमार मोदी ने कहा कि यह उपलब्धि दर्शकों, कलाकारों, तकनीकी टीम और प्रसारण साझेदारों के सहयोग का परिणाम है।

गौरतलब है कि ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ ने अपने लंबे सफर में पर्यावरण संरक्षण, डिजिटल सुरक्षा, सामाजिक सद्भाव और नागरिक जिम्मेदारी जैसे विषयों को हास्य के माध्यम से दर्शकों तक पहुंचाया है। शो का प्रसारण सोनी सब पर सोमवार से शनिवार रात 8:30 बजे किया जाता है।