त्विषा शर्मा मृत्यु मामले में रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को सीबीआई ने हिरासत में लिया

0

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के बहुचर्चित त्विषा शर्मा मृत्यु मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने आज दोपहर बाद रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को हिरासत में ले लिया। उन्हें मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल ले जाने की तैयारी की जा रही है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार सीबीआई की टीम गुरुवार सुबह लगभग साढ़े दस बजे गिरिबाला सिंह के आवास पहुंची थी। टीम ने कई घंटे तक पूछताछ की और इसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया। इससे पहले मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय ने बुधवार को गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी।

उच्च न्यायालय ने अपने 17 पृष्ठीय आदेश में कहा था कि मामले की गंभीरता, उपलब्ध साक्ष्यों और जांच की स्थिति को देखते हुए आरोपी पक्ष को राहत देना उचित नहीं है। न्यायालय ने यह भी कहा कि निचली अदालत ने केस डायरी और साक्ष्यों का समुचित परीक्षण नहीं किया।

सीबीआई ने जांच के दौरान गिरिबाला सिंह के घर में हाई इंटेंसिटी थ्री-डी कैमरा लगाकर पूरे परिसर की 360 डिग्री रिकॉर्डिंग की। एजेंसी ने आसपास के क्षेत्र का भी तकनीकी परीक्षण किया, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटनास्थल किसी पड़ोसी मकान की छत या बालकनी से दिखाई देता था या नहीं। मामले में आरोपी बनाए गए ट्विशा शर्मा के पति समर्थ सिंह को पहले ही अदालत ने 29 मई तक सीबीआई रिमांड पर भेजा है। एजेंसी उससे लगातार पूछताछ कर रही है।

उल्लेखनीय है कि 12 मई की रात भोपाल के कटारा हिल्स क्षेत्र में त्विषा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई थी। ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है, जबकि मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है।
मामले में 24 मई को भोपाल स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में दिल्ली एम्स की टीम द्वारा शव का दोबारा पोस्टमार्टम किया गया था। इसके बाद भदभदा श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया गया, जहां त्विषा के भाई मेजर हर्षित ने मुखाग्नि दी।