गंगानगर। राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर थाना क्षेत्र में एक महिला को ब्लैकमेल करके उससे दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि गहन छानबीन के बाद आरोपियों करणवीरसिंह (21) और सागर (20) को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने बताया कि पीड़ित महिला ने पुलिस को शिकायत की कि दो महीने पहले इंस्टाग्राम पर करणवीर से उसकी पहचान हुई थी। उसने किसी तरह उसके फोटो और वीडियो बना लिए। इसके बाद वह उसे धमकाकर सागर के घर ले गया जहां उसने दुष्कर्म किया।
10वीं के छात्र ने पढ़ाई के तनाव के चलते की आत्महत्या
श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर में सोमवार को 10वीं कक्षा के एक छात्र ने पढ़ाई के तनाव के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि वार्ड नंबर तीन निवासी हार्दिक गर्ग (16) का शव घर में ऊपर वाले कमरे में फंदे पर लटका मिला। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजे को तोड़ कर छात्र का शव बाहर निकाला गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में परिवार वालों से पता चला कि वह पढ़ाई को लेकर तनाव और अवसाद से ग्रस्त था। बीती शाम को वह ऊपर वाले कमरे में पढ़ाई करने कह का कहकर गया था जहां उसने रस्सी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। उसके कमरे की तलाशी ली गई, वहां कोई पत्र नहीं मिला। उसके मोबाइल की जांच की जा रही है।
नशे की लत से परेशान युवक ने अस्पताल में आत्महत्या की
श्रीगंगानगर के जवाहरनगर थाना क्षेत्र में एक निजी अस्पताल में नशे की लत से परेशान पंजाब के एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि मृतक की पहचान पंजाब के फाजिल्का जिले के अबोहर तहसील के हरमनसिंह राजपूत (26) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि हरमनसिंह को चिट्टे (हेरोइन) की लत थी। उसकी नशे की आदत छुड़वाने के लिये दो दिन पहले ही टांटिया सामान्य अस्पताल के नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती करवाया गया था। अगले ही दिन रात करीब ढाई बजे हरमनसिंह बाथरूम जाने के बहाने वार्ड से निकला और लौटकर नहीं आया।
सुबह करीब छह बजे जब दूसरे मरीज बाथरूम गया तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। बार-बार खटखटाने पर कोई जवाब न मिलने पर अस्पताल का स्टाफ और हरमनसिंह के परिवार वाले भी वहां पहुंच गए। इसके बाद पुलिस को बुलाया गया।
पुलिस की मौजूदगी में बाथरूम का दरवाजा तोड़ा गया तो नशामुक्ति वार्ड के ऊपरी फ्लोर वाले बाथरूम में हरमनसिंह फंदे पर लटका हुआ मिला।
पुलिस बताया ने मृतक अत्यधिक नशे की लत का शिकार था। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।



