श्रीगंगानगर जिले में हेरोइन सहित दो अरेस्ट

0

श्रीगंगानगर। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में श्रीविजयनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हेरोइन बरामद कर दो लोगों को गिरफ्तार किया जबकि एक किशोर को निरुद्ध किया हैं।

थाना प्रभारी इमरान खान ने बुधवार को बताया कि चक 33-जीबी में राधास्वामी डेरा के नजदीक खडवंजा मार्ग पर मोटरसाइकिल से जा रहे इन लोगों को कल देर शाम को पकड़ा गया। इनकी तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 40 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की गई।

उन्होंने बताया कि पकड़े गए युवकों में परमजीत सिंह उर्फ बूटा मजहबी सिख (33) निवासी चक 33जीबी और गोविंदसिंह रायसिख (35) निवासी अमरपुरा राठान थाना पीलीबंगा जिला हनुमानगढ़ शामिल हैं। निरुद्ध किया गया 16 वर्षीय किशोर भी अमरपुरा राठान का रहने वाला है।

मामले में अमरपुरा के ज्ञानी उर्फ बाबा नामक व्यक्ति को भी नामजद किया गया है। गोविंदसिंह ने मोबाइल फोन पर ज्ञानी उर्फ बाबा से संपर्क कर 40 ग्राम हेरोइन खरीदी थी। ज्ञानी उर्फ बाबा की पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है।
उन्होंने बताया कि परमजीतसिंह पर इससे पहले भी एक आपराधिक मामला दर्ज है।