अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र में शेखपुर गांव में खेत में बने गड्ढे में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रसूलपुर गांव के पूरण भलाई के दो बेटे मनीष (14) और संदीप (13) रविवार को स्कूल का अवकाश होने के कारण शेखपुर के जंगल में बेर खाने के लिए गए थे। इस दौरान दोनों बालक खेतों में बने गड्ढे में सम्भवतः नहाने के लिए उतरे जो दलदल में फंसने से पानी से बाहर नहीं निकल पाये। दोनों बालकों के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने दोनों बालकों की तलाश की, लेकिन दोनों का कोई पता नही लगा।
सोमवार की सुबह परिजनों ने फिर दोबारा जंगल में तलाश शुरु की तो पास के ही गांव शेखपुर में जंगलों में एक खेत मे बने तालाब रुपी गड्ढा के बाहर दोनों के कपड़े एवं चप्पल मिली। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस की मौजूदगी में ग्रामीणों ने पानी में बालकों की तलाश शुरू की। करीब तीन घंटे की मशक्कत के दोनों बालकों के शव बाहर निकाले गए।
इस अवसर पर मंत्री डा किरोड़ी लाल मीणा भी मौके पर पहुंंच गए और उन्होंने एसडीएम अर्चना चौधरी को पीड़ित परिवार को ज्यादा से ज्यादा आर्थिक सहायता दिलवाने के निर्देश दिए।



