दौसा में कुएं में गिरी महिला को पुलिस के दो जांबाज जवानों ने बचाया

दौसा। राजस्थान में दौसा जिले में पुलिस ने एक बार फिर अपनी बहादुरी और मुस्तैदी का परिचय देते हुए दो जांबाज जवानों ने 80 फुट गहरे कुएं में गिरी महिला को सकुशल निकाल लिया।

पुलिस अधीक्षक सागर राणा ने गुरुवार को बताया कि बुधवार रात करीब आठ बजे पापड़दा थाना क्षेत्र में गश्ती दल को सूचना मिली कि खवारावजी गांव में एक महिला एक गहरे कुएं में गिर गई है।

सूचना मिलते ही थानाधिकारी संतचरण पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इससे पहले ही वहां बीट कांस्टेबल कमल सिंह और आसूचना अधिकारी महेश आवश्यक बचाव उपकरण रस्सी और ड्रैगन लाइट लेकर मौजूद थे। उनके साथ स्थानीय लोग भी सहायता के लिए इकट्ठा हो गए थे।

उन्होंने बताया कि यह कुआं करीब 80 फुट गहरा और जर्जर हालत में था, जिसमें करीब 30 फुट तक पानी भरा हुआ था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस टीम और ग्रामीणों ने मिलकर तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस दल और ग्रामीणों ने सूझबूझ और देशी जुगाड़ के इस्तेमाल से महिला को कुएं से सुरक्षित निकाल लिया।

राणा ने बताया कि इस पूरे बचाव कार्य की सफलता का श्रेय मुख्य रूप से कांस्टेबल कमल सिंह और कांस्टेबल महेश को जाता है। इन दोनों जवानों ने न केवल सूचना पर स्थिति का पूर्वानुमान लगाते हुए बचाव के लिए आवश्यक संसाधनों को तेजी से इकट्ठा किया बल्कि आम जनता और पुलिस के मददगारों को एकजुट करके सहयोग प्राप्त किया।

घटनास्थल पर भीड़ को नियंत्रित किया और भारी बारिश के बावजूद पीड़ित महिला को कुएं से निकालकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया। उनके सराहनीय प्रयासों ने एक जिंदगी बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।