भरतपुर। राजस्थान में भरतपुर के भुसावर थाने में एक युवती को लाए जाने के मामले के सोशल मीडिया पर तूल पकड़ लेने के बाद थाने पर तैनात दो आरोपी परिवीक्षाधीन कॉन्स्टेबलों को बर्खास्त कर दिया गया है।
सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि बर्खास्त कॉन्स्टेबल सोनू और परमवीर पर आरोप है कि वे दोनों 22 फरवरी की रात करीब 12 बजे एक युवती को थाने लेकर आए थे। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक दिगंत आनंद ने मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी को सौंपी। जांच में दोषी पाए जाने पर दोनों आरोपी कांस्टेबलों की बर्खास्तगी के आदेश जारी कर दिए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 22 फरवरी की रात करीब 12 बजे मोटर साइकिल पर सवार दोनों कांस्टेबल एक युवती को अपने साथ लेकर जा रहे थे, तो शक होने पर एक स्थानीय युवक ने उनका पीछा किया। मोटर साइकिल जब भुसावर पुलिस थाने के अंदर पहुंच गई तो युवक द्वारा मामले का वीडियो बनाते समय थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसका मोबाइल छीन कर जब्त कर लिया और उसके साथ मारपीट की। सूत्रों ने बताया युवती के परिजनों को जब घटना की जानकारी मिली तो वे भी थाने पहुंचे और युवती को अपने साथ घर ले गए।



