अछनेरा में दो बाल अपचारियों ने डीग के युवक की गोली मारकर हत्या की

0

भरतपुर/डीग। उत्तर प्रदेश में अछनेरा थाना क्षेत्र के ताजपुर नगरिया गांव में बुधवार देर रात राजस्थान के एक व्यक्ति की गोली मार कर हत्या कर दी है।

पुलिस के अनुसार मृतक राजस्थान में डीग जिले के कुम्हेर थाना क्षेत्र का रहने वाला था और वह उत्तर प्रदेश में अपने रिश्तेदार के यहां रहता था। उत्तरप्रदेश पुलिस ने गुरुवार को बताया कि मृतक ओमप्रकाश पिछले तीन वर्षों से अपने बहनोई पूरन के घर ताजपुर नगरिया में रह रहा था। यह वारदात गांव से करीब एक किलोमीटर दूर कुलदेवी मंदिर के पास हुई।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो किशोरों को निरुद्ध करके उनसे पूछताछ की। पूछताछ में उन्होंने बताया कि यह वारदात मृतक ओम प्रकाश के दोस्त विष्णु द्वारा अपने मोबाइल पर लगाए गए स्टेट्स को लेकर हुई। करीब 10 दिन पहले हत्यारोपी नाबालिग ने एतराज जताया तो ओम प्रकाश ने उसे थप्पड मार दिया।

मौके पर जब ओमप्रकाश अपने दोस्त विष्णु का इंतजार कर रहा था उसी समय दोनों बाल अपचारियों ने उसे गोली मार दी। उसी दौरान वे विष्णु को भी गोली मारने वाले थे लेकिन विष्णु उन्हें देखकर पहले ही मौके से भाग गया।