जयपुर/महेंद्रगढ़। हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में शुक्रवार सुबह ट्रक और वॉल्वो बस की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मनाली से राजस्थान के जयपुर लौट रही पर्यटकों से भरी एक वॉल्वो बस नेशनल हाईवे-152डी पर बचावास कट के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब पांच बजे हुआ। ट्रक में लोहे के एंगल लदे हुए थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि लोहे के एंगल बस के अगले हिस्से को चीरते हुए अंदर तक घुस गए। बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ड्राइवर साइड की सीट चकनाचूर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक हाईवे किनारे खड़ा था और बस पीछे से उसमें जा टकराई। बस में करीब 40 पर्यटक सवार थे। एक यात्री ने आरोप लगाया कि ड्राइवर को नींद आने के बाद कंडक्टर बस चला रहा था। हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने खिड़कियों के माध्यम से यात्रियों को बाहर निकाला और घायलों को तुरंत महेंद्रगढ़ के सिविल अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में जयपुर के विजयनगर निवासी बस चालक सोमवीर (30) और कंडक्टर दिलखुश (31) की मौके पर ही मौत हो गई। घायल यात्रियों में अधिकांश राजस्थान के जयपुर निवासी हैं। सभी घायलों का उपचार अस्पताल में जारी है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है।



