जयपुर/भरतपुर। राजस्थान भरतपुर के सेवर थाना क्षेत्र में एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले गिरोह के जयपुर में गिरफ्तार तीन बदमाशों में से दो भरतपुर के निवासी हैं।
भरतपुर पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वीरेंद्र सिंह (25) निवासी रामपुरा थाना सेवर भरतपुर, सोनू (23) निवासी वेयर हाउस कॉलोनी, नदबई हाल गांधी नगर भरतपुर और सद्दाम (26) निवासी बलराम नगर, लौणी जिला गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई हैं।
पुलिस ने बताया कि इनमें से सोनू के खिलाफ पूर्व में भी जयपुर के अलावा भरतपुर के विभिन्न थानों में धोखाधड़ी, चोरी, आपराधिक साजिश और अन्य गंभीर धाराओं में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
जयपुर पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले गिरोह के इन तीन बदमाशों को 300 सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद करीब 450 किलोमीटर तक पीछा कर उन्हें गिरफ्तार किया है। बुजुर्गों को निशाना बनाकर एटीएम बूथ में धोखाधड़ी करके खातों से रकम निकाल लेने बाले इस गिरोह के हरियाणा, उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में नेटवर्क फैला है।



