भरतपुर। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शुक्रवार को भरतपुर में भू प्रबंध विभाग में पटवारी प्रदीप सिंह एवं दिगम्बर सिंह को 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
ब्यूरो के पुलिस महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी भरतपुर को परिवादी ने शिकायत की कि उसके एवं उसके परिवारजनों कृषि भूमि की पूर्व में की गई नाप की निशांदेही करने की एवज में ये पटवारी 50 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहे हैं।
इस पर एसीबी टीम द्वारा ट्रेप कार्यवाही करते हुए आरोपी प्रदीप सिंह एवं दिगम्बर सिंह को परिवादी से 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। एसीबी की अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक एस परिमला के पर्यवेक्षण में आरोपी से पूछताछ तथा कार्यवाही जारी है।



