हनुमानगढ़ में पूजन सामग्री विसर्जन के दौरान नहर में गिरने से दो युवकों की मौत

1

हनुमानगढ़। राजस्थान में हनुमानगढ के जंक्शन थाना क्षेत्र में बुधवार को सादुल ब्रांच नहर में पूजा सामग्री विसर्जित करने गए दो युवकों की नहर में डूबने से मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना बेबी हैप्पी कॉलेज के निकट सादुल ब्रांच नहर पर हुई। तीन युवक दोपहर में पूजन सामग्री विसर्जन के लिए नहर किनारे पहुंचे थे। अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे नहर के तेज बहाव में गिर पड़े।

आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों का दल मौके पर पहुंचा। राज्य आपदा प्रबंधन दल (एसडीआरएफ) की मदद से तीनों युवकों को नहर से बाहर निकाला गया।

पुलिस ने बताया कि तीनों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मोहित स्वामी (20 ) और अमन बाजीगर (19) को मृत घोषित कर दिया। जबकि तीसरे युवक मोहित थालौड़ (19 ) का इलाज जारी है और उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस ने बताया कि तीनों युवक हनुमानगढ़ के सुरेशिया मौहल्ला के निवासी थे। हादसे की सूचना मिलने पर उपखड अधिकारी मांगीलाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद बिश्नोई और सदर थाना प्रभारी राकेश सांखला भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। शुरुआती जांच में लापरवाही के कारण हादसा होने की बात सामने आ रही है।