हनुमानगढ़। राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले में बुधवार को धुलेंडी के दिन दो सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि रावतसर थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल सवार मांगीलाल मेघवाल एक आवारा पशु से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे रावतसर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि एक अन्य दुर्घटना में नोहर थाना क्षेत्र में बिरकाली गांव का बजरंगलाल जाट (40) दोपहर में मोटरसाइकिल पर खेत से घर आ रहा था। रास्ते में मोटरसाइकिल बेकाबू होकर बिजली के एक खंबे से बंधे तार से टकरा गई। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत नोहर के सरकारी अस्पताल में जाया गया जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
भद्रकाली मंदिर में गए युवक की संदिग्ध हालत में मौत
हनुमानगढ़ जिले के संगरिया थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। थानाप्रभारी अमरसिंह ने गुरुवार को बताया कि कालूराम दौलतपुरा गांव के अपने तीन दोस्तों के साथ मंगलवार शाम को हनुमानगढ़ टाउन में मां भद्रकाली के मंदिर में शराब चढ़ाने के लिए आया था। दोस्तों ने मंदिर में शराब चढ़ाई और इसके बाद चारों दोस्त वापस दौलतपुरा को रवाना हुए, लेकिन रास्ते में चक 17-18 एमकेएस के एक खेत में रुके जहां शराब के साथ ही अन्य मादक पदार्थ का सेवन करने लगे।
उन्होंने बताया कि इसी दौरान कालूराम को चक्कर आने लगे और उसकी तबीयत खराब हो गई। दोस्त उसे हनुमानगढ़ टाउन सिविल अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई। उसके भाई प्रकाश (27) ने दौलतपुरा के ही महेंद्र, हरबंस और पवन नामक तीन युवकों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया हे। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरु कर दी है।
पानी की टंकी में मिला 4 महीने से लापता युवक का शव
हनुमानगढ़ जिले के पल्लू थाना क्षेत्र में चार महीने से लापता युवक मदनलाल मेघवाल का नर कंकाल मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि बुधवार को धुलंडी के मौके पर लाडम गांव में रंग-बिरंगे उत्सव का माहौल था। एक बालक अपने दोस्तों द्वारा रंग लगाए जाने से बचने के लिए सरकारी स्कूल के पीछे पानी की टंकी के पास छुप गया।
बालक ने पुलिस को बताया कि उसने टंकी पर लगा लोहे का ढक्कन हटाकर अंदर झांका तो पानी में तैरता नर कंकाल दिखाई दिया। बालक ने तुरंत गांव वालों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को फोन किया गया।
थाना प्रभारी सुरेश मील ने बताया कि मृतक की पहचान उसके कपड़ों में मिले मोबाइल फोन और आधार कार्ड से मदनलाल मेघवाल (18) के रूप में हुई है।
मदनलाल की मां मंजू मेघवाल (40) ने कुछ लाेगों पर शक जताया है। पुलिस ने मामला दर्ज करके शव पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिवार को सौंप दिया गया है।



