श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के राजियासर और अनूपगढ़ थाना इलाकों में दो सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राजियासर थाना क्षेत्र में सूरतगढ़ थर्मल पावर प्लांट में आवासीय कॉलोनी के सामने की रोड पर बुधवार शाम को एक ट्रक की चपेट में मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक आ गया। युवक बुरी तरह से जख्मी हो गया था।
उसे थर्मल की डिस्पेंसरी में प्राथमिक उपचार देने के बाद सूरतगढ़ रेफर कर दिया गया। सूरतगढ़ से उसे श्रीगंगानगर रेफर किया गया।यहां उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अमन निवासी रायांवाली के रूप में हुई है। इस संबंध में उसके रिश्ते में लगता भाई मोहित कुम्हार निवासी रायांवाली द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर ट्रक के चालक के खिलाफ लापरवाही का मुकदमा दर्ज किया गया है।
उधर, अनूपगढ़ पुलिस ने बताया कि कल रात लगभग 8 बजे अनूपगढ़ के नजदीक नेशनल हाईवे 911 पर एक प्राइवेट बस की चपेट में आने से मोटरसाइकिल पर सवार राहुल (24) निवासी वार्ड नंबर 2 अनूपगढ़ की मौके पर ही मौत हो गई। राहुल अनूपगढ़ से घडसाना की तरफ जा रहा था।
बताया जाता है कि उसने अचानक ही मोटरसाइकिल मोड़ दिया जिससे वह बस से सीधा टकरा गया। उसे आपातकाल सेवा 108 की एंबुलेंस से अनूपगढ़ के सरकारी अस्पताल में लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर जाकर कार्यवाही की। आज उसकी डेड बॉडी पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिवार वालों के सुपुर्द कर दी गई। पुलिस ने दुर्घटना का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



