केंद्रीय राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने हटाया अपना पुलिस एस्कॉर्ट वाहन

0

अजमेर। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने अपनी सुरक्षा में लगे पुलिस एस्कॉर्ट वाहन को हटाकर अपनी एकल गाड़ी में सफर करना शुरु कर दिया हैं।

चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से देशवासियों से डीजल-पेट्रोल की बचत के आह्वान पर यह कदम उठाया हैं। इसी प्रेरणा और राष्ट्रहित सर्वोपरि की भावना का अनुसरण करते हुए चौधरी शुक्रवार को नेशनल हाईवे पर अपनी एकल गाड़ी में सफर करते नजर आए।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज देशहित में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह ईंधन बचत और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग में अपना योगदान दे। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास भी बड़े राष्ट्रीय परिणाम दे सकते हैं। ईंधन की बचत से विदेशी मुद्रा भंडार मजबूत होगा, प्रदूषण कम होगा और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलेगा।

चौधरी ने कहा कि वह पूर्व में भी दिल्ली एवं अन्य राज्यों के प्रवास के दौरान अधिकतर सार्वजनिक परिवहन और सामान्य साधनों का उपयोग करते रहे हैं तथा आगे भी राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए ऐसे प्रयास जारी रहेंगे।