झुंझुनूं। राजस्थान में झुंझुनूं जिले के उरीका गांव में संचालित अवैध शराब की दुकान पर युवक की संदिग्ध मौत के बाद शुक्रवार को पूरे क्षेत्र में तनाव व्याप्त हो गया।
घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने उरीका से हरियाणा के सतनाली जाने वाले मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी सहित विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। करीब पांच घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद थाना प्रभारी रणजीत सेवदा के समझाने पर परिजन और ग्रामीण राजी हुए। इसके बाद शव अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया। मृतक की पहचान संजय सिंह नायक के रूप में हुई है।
मृतक के भाई संदीप ने बताया कि शुक्रवार दोपहर गांव में संचालित अवैध शराब की दुकान के संचालक ने संजय को मजदूरी के लिए बुलाया था। कुछ समय बाद सूचना मिली कि संजय शराब की दुकान के पास मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। परिजनों का आरोप है कि मजदूरी के पैसों के लेन-देन को लेकर पहले दुकान संचालक ने संजय के साथ मारपीट की। इसके बाद कथित रूप से उसे हरियाणा से लाई गई जहरीली शराब पिलाई गई जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद अवैध शराब की दुकान बंद मिली और आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बंद दुकान का ताला तोड़कर अंदर जांच की। पुलिस ने दुकान से आवश्यक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी।



