भिवाड़ी में विधायक महंत बालकनाथ के कथित बयान पर भड़का बवाल

0

खैरथल-तिजारा। राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी नगर परिषद चुनाव के बीच वार्ड नंबर 14 में भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में चुनाव प्रचार के दौरान तिजारा विधायक महंत बालकनाथ के कथित बयान को लेकर विवाद गहरा गया है।

बयान से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया। अब यह मामला अधिवक्ता समुदाय तक पहुंच गया है और विधायक के कथित बयान के विरोध में भिवाड़ी न्यायालय परिसर के बाहर अधिवक्ताओं ने पुतला दहन करके आक्रोश जताया।

वायरल वीडियो में विधायक बालकनाथ ने कथित तौर पर विपक्ष द्वारा चुनाव में प्रत्याशी उतारे जाने को लेकर टिप्पणी की जिसे अधिवक्ताओं ने आपत्तिजनक माना है। वायरल वीडियो की हालांकि स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

कथित बयान में विधायक ने यह भी कहा कि यहां किसी को चुनाव नहीं लड़ना चाहिए था और भाजपा प्रत्याशी को निर्विरोध चुना जाना चाहिए था। विपक्ष द्वारा फॉर्म भरने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए समर्थकों से वोट के माध्यम से करारा सबक सिखाने की बात कही। इसी बयान को लेकर अब विरोध के स्वर तेज हो गए हैं।

इस मामले को लेकर बार संघ भिवाड़ी प्रथम के अधिवक्ताओं ने बैठक आयोजित करके विरोध जताया। इसके बाद अधिवक्ता न्यायालय परिसर के बाहर पहुंचे और विधायक महंत बालकनाथ का पुतला फूंका। इस दौरान जमकर नारेबाजी की गई।

बार संघ भिवाड़ी प्रथम के अध्यक्ष प्रवीण दायमा ने कहा कि सार्वजनिक मंच से वार्ड 14 की प्रत्याशी एवं अधिवक्ता मोहिनी विजय सिंह को लेकर कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी की गई और चुनाव में फॉर्म नहीं भरने जैसी बात कही गई। इसी के विरोध में अधिवक्ताओं ने बैठक कर पुतला दहन किया है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता समुदाय इस मामले को गंभीरता से ले रहा है और आगे की रणनीति तय की जाएगी।

वार्ड 14 से कांग्रेस प्रत्याशी मोहिनी विजय सिंह ने भी कथित बयान को लेकर विरोध जताया है। उन्होंने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का हिस्सा है और प्रत्येक प्रत्याशी को चुनाव लड़ने का अधिकार है।