बसरा के पास अमरीकी तेल टैंकर ‘एमटी सेफसी विष्णु’ पर हमला; एक भारतीय नाविक की मौत, 15 को सुरक्षित बचाया

1

मुंबई। इराक के बंदरगाह खोर अल जुबैर पर अमरीकी तेल टैंकर ‘एमटी सेफसी विष्णु’ पर चल रही शिप-टू-शिप कार्गो लोडिंग ऑपरेशन के हुए हमले में एक भारतीय नाविक की मौत हो गयी और 15 अन्य सुरक्षित हैं। पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के अधीन नौवहन महानिदेशालय, मुंबई की गुरूवार को जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई है।

इसमें कहा गया है कि यह घटना 11 मार्च को रात में हुई। यह तेल टैंकर इराक के बसरा के पास था और भारतीय समयानुसार रात ढाई बजे इस टैंकर को निशाना बनाया गया। मार्शल आइलैंड्स के ध्वज वाला यह टैंकर, लगभग 48,000 टन नैफ्था ले जा रहा था। उस पर एक अज्ञात वस्तु से हमला किया गया। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि विस्फोटकों से लदी एक सफेद रंग की मानवरहित स्पीडबोट जहाज के दाहिने हिस्से से टकराई, जिससे जहाज पर भीषण आग लग गई।

हादसे के बाद सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चालक दल के सभी सदस्य जहाज छोड़कर पानी में कूद गए। उन्हें पास ही काम कर रहे एक लोगों ने बचाया। इराकी कोस्ट गार्ड ने जहाज पर मौजूद सभी 28 चालक दल के सदस्यों (16 भारतीय और फिलीपींस के 12 नागरिक) को सुरक्षित निकालकर बसरा बंदरगाह पहुंचाया।

महानिदेशालय के अनुसार इस हमले में एक भारतीय नाविक की मृत्यु हो गई है। बचाए गए 15 अन्य भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं। बगदाद स्थित भारतीय दूतावास इराकी अधिकारियों के साथ निरंतर संपर्क में है ताकि प्रभावित भारतीयों को आवश्यक सहायता और कल्याणकारी सुविधाएं सुनिश्चित की जा सकें। महानिदेशालय ने मृतक नाविक के परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है।