वासुदेव देवनानी ने देवदर्शन एवं यज्ञ-हवन कर मनाया जन्मदिन

अजमेर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने गुरुवार को अपने जन्मदिन के अवसर पर यहां देवदर्शन के बाद केसरगंज स्थित दयानंद बाल सदन पहुंच कर गायत्री मंत्र के साथ यज्ञ-हवन में आहुति दी।

देवनानी ने अपना जन्म दिन गुरूवार को सादगी के साथ मनाया। अपने जन्म दिवस पर बड़ी नागफणी स्थित गोपाल कुण्ड गौशाला में गौ पूजन किया। गौशाला की गायों को हरा चारा खिलाकर गौ माता को गुड़ का भोग लगाया। केसरगंज में दयानन्द बाल सदन पहुंचकर अनाथ बच्चों से मिले। इन बच्चों के सथ प्रेमपूर्वक बातचीत की। इन्हें भोजन वितरित कर भोजन कराया बच्चों के स्वास्थ्य एवं अध्ययन के बारे में वार्तालाप किया।

देवनानी का मदार में लाल मन्दिर, जिनशासन में स्वागत किया गया। मन्दिर के ट्रस्टियों एवं पदाधिकारियों ने पारम्परिक तरीके से अभिनंदन किया। मन्दिर में देवनानी ने स्वस्थ जीवन का आशीर्वाद प्राप्त किया। पास ही स्थित नारेली तीर्थ की गौशाला में गायों के लिए चारा वितरित किया साथ ही तीर्थ क्षेत्र में स्थिति मन्दिर पर पूजन भी किया। जैन समाज की ओर से शारदा धर्म कांटे के पास मदार में स्वागत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्वागत कार्यक्रम में जैन समाज के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

जेएलएन चिकित्सालय में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आवश्यक सामग्री प्रदान करने का कार्यक्रम रखा। यहां पृथ्वीराज मण्डल एवं दाहरसेन मण्डल के संयुक्त तत्वावधान में मरीजों की सुविधार्थ 11 स्ट्रेचर चिकित्सालय को उपलब्ध करवाए। इसी प्रकार नया बाजार चौपड़ पर युवा मोर्चा ने राम भक्तों को चित्र प्रदान किए। इनमें 75 रामदरबार तथा 11 बडे़ भित्ती चित्र शामिल थे।

विधानसभा अध्यक्ष देवनानी का गंज गुरूद्वारा कमेटी ने स्वागत कार्यक्रम और माकड़वाली रोड़ भक्तिधाम चारण विद्यापीठ में कन्या भोज रखा। इसका आयोजन महिला मोर्चा ने किया। अन्ध विद्यालय के विद्यार्थियों को भी उपहार प्रदान किए गए। विद्यार्थियों को सर्दी के दौरान पहनने के गर्म वस्त्र वितरित किए गए। पंचशील नगर कांजी हाऊस की गायों को भी चारा खिलाया गया।

बजरंग मण्डल ने अपना घर लोहागल में कार्यक्रम रखा। इसमें देवनानी ने उपस्थिति दी। अपना घर में निवास कर हरे प्रभुजनों के साथ समय बिताया साथ ही प्रेमपूर्वक भोजन कराया। इसके अतिरिक्त बजरंग मण्डल के कार्यकर्ताओं ने कन्याओं को आम्मनिर्भर बनाने वाली सुकन्या योजना के 11 खाते खुलवाकर लाभान्वित किया गया।

कोटड़ा में मंगलमय फ्लेटस के पास की कच्ची बस्ती में भी कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस बस्ती में रहने वाले व्यक्तियों को दीनदयाल मण्डल की ओर से उनी कपड़ों का वितरण किया गया। बोराज में संचालित महात्मा गांधी नरेगा में कार्यरत श्रमिकों को कम्बल वितरित किए गए।

कर्मचारियों और अधिकारियों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान

अजमेर विद्युत वितरण निगम के पंचशील स्थित मुख्यालय पर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के जन्मदिवस के उपलक्ष में विशाल रक्तदान एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान देवनानी ने कहा कि रक्तदान जरुरी है। यह जन कल्याण की धुरी है। डिस्कमकर्मियों ने अपने कार्यालय के कामकाज के अलावा सामाजिक उत्तरदायित्व निभाते हुए रक्तदान जैसा पुनीत कार्य द्वारा एक अच्छा संदेश दिया है। ऎसी गतिविधियों से ना केवल सामाजिक उत्तरदायित्व निभाया जाता है। बल्कि कार्मिकों में भी नई ऊर्जा का संचार होता है। अजमेर डिस्कम की सामाजिक सरोकारों के प्रति यह अच्छी पहल है। शिविर में 142 यूनिट रक्तदान तथा 350 से अधिक अधिकारियों व कर्मचारियों ने अपना स्वास्थ्य परीक्षण करवाया।

एवीवीएनएल के प्रबन्ध निदेशक एनएस निर्वाण ने इस अवसर पर बताया कि रक्तदान शिविर में रक्तदान देने वाले कार्मिको को विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। प्रबंध निदेशक ने इस मौके पर कहा कि रक्तदान कर हम जहां एक ओर किसी की जान बचाते है। वहीं दूसरी ओर इससे रक्त दान करने वाले को आत्म संतुष्टि मिलती है। अजमेर विद्युत वितरण निगम अपने सामाजिक सरोकारों के तहत हर वर्ष रक्तदान एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन करता है।