डूंगरपुर जिले में ग्राम विकास अधिकारी 4000 रुपए रिश्वत लेते अरेस्ट

0

डूंगरपुर। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शुक्रवार को डूंगरपुर जिले की सीमलवाड़ा तहसील में माण्डली ग्राम पंचायत के ग्राम विकास अधिकारी रमेश चन्द्र सुवालका को मकान का पट्टा बनाने के मामले में चार हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

ब्यूरो के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार एसीबी की डूंगरपुर चौकी को शिकायत मिली कि परिवादी एवं सपरिवादी के गांव माण्डली में मकानों के पट्टे बनाने के लिए ग्राम पंचायत माण्डली ग्राम विकास अधिकारी को आवेदन करने पर दोनों भाईयों के दोनों घरों के पट्टे बनाने की एवज में आठ हजार रुपए की रिश्वत की मांग की गई और परिवादी द्वारा चार हजार रुपए रिश्वत सुहालका को देने पर घर का पट्टा दे दिया गया, लेकिन उसके भाई एवं सहपरिवदी को पट्टा नहीं दिया गया और इसके लिए चार हजार रुपए की रिश्वत मांगी जा रही है।

इस पर ब्यूरो टीम द्वारा गत 18 मार्च को रिश्वत राशि मांग का सत्यापन कराया गया जिसमें सुहालका ने सपरिवादी से इसके लिए चार हजार रुपए लेने के लिए सहमत हुआ। इसके बाद शुक्रवार को एसीबी टीम द्वारा ट्रेप कार्यवाही करते हुए सुवालका को सहपरिवादी से चार हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। आरोपी से पूछताछ तथा कार्यवाही जारी है।