कोटा। नगर निगम कोटा में महापौर पद के बाद उपमहापौर की कुर्सी पर भी भारतीय जनता पार्टी ने कब्जा जमा लिया। भाजपा पार्षद विवेक राजवंशी शनिवार को निर्विरोध उपमहापौर निर्वाचित घोषित किए गए। निर्धारित समय तक उनके अलावा किसी अन्य प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया। कांग्रेस ने उपमहापौर चुनाव का बहिष्कार करने का फैसला किया था।
निर्वाचन प्रक्रिया के तहत भाजपा की ओर से विवेक राजवंशी ने उपमहापौर पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन की समय सीमा समाप्त होने तक कांग्रेस या किसी अन्य प्रत्याशी की ओर से पर्चा दाखिल नहीं होने पर निर्वाचन अधिकारी ने राजवंशी को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया। इसके बाद उन्होंने पदभार भी संभाल लिया।
राजवंशी नगर निगम की राजनीति में अनुभवी चेहरा माने जाते हैं। हाल में हुए निगम चुनाव में उन्होंने वार्ड संख्या 54 से लगातार चौथी बार पार्षद का चुनाव जीता। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी मनीष को 2,226 मतों से पराजित किया था। The
मेयर चुनाव के बाद कांग्रेस ने किया था बहिष्कार
एक दिन पहले हुए महापौर चुनाव में भाजपा की अनुसुईया गोस्वामी ने जीत दर्ज की थी। चुनाव के बाद कांग्रेस ने क्रॉस वोटिंग का मुद्दा उठाया और उपमहापौर चुनाव का बहिष्कार करने की घोषणा कर दी। कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष राखी गौतम ने भाजपा पर कांग्रेस पार्षदों को कथित रूप से दबाव में लेने के आरोप लगाए थे। भाजपा की ओर से इन आरोपों को स्वीकार नहीं किया गया।
कांग्रेस के मैदान से हटने के बाद उपमहापौर पद के लिए मुकाबले की स्थिति ही नहीं बनी। विवेक राजवंशी का एकमात्र नामांकन रहने के कारण मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ी और निर्वाचन अधिकारी ने उनके निर्वाचन की औपचारिक घोषणा कर दी।



