पश्चिम बंगाल के बसंती में भाजपा के प्रचार के दौरान झड़प, 8 पुलिसकर्मी घायल

0

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बसंती इलाके में गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार विकास सरदार के चुनाव प्रचार के दौरान भड़की हिंसक झड़प में कम से कम आठ पुलिसकर्मी घायल हो गए।

भाजपा के आरोपों के अनुसार सरदार सुबह बसंती मार्केट क्षेत्र में विधानसभा चुनाव 2026 के लिए प्रचार करने पहुंचे थे, तभी कथित तौर पर तृणमूल कांग्रेस समर्थित लोगों ने अभियान में बाधा डालते हुए कार्यकर्ताओं पर हमला कर दिया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस मौके पर पहुंची।

पार्टी नेताओं का आरोप है कि पुलिस ने तनाव बढ़ने की आशंका जताते हुए उन्हें प्रचार रोकने को कहा, जिससे कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी बहस हुई। इसके बाद हालात नियंत्रण से बाहर हो गए और दोनों पक्षों के बीच पथराव एवं लाठीचार्ज की घटनाएं हुईं।

पुलिस सूत्रों ने पुष्टि की कि स्थिति को काबू में करने के दौरान कम से कम आठ पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों को उपचार दिया गया है और इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया है।

हिंसा की इन घटनाओं के बीच भाजपा उम्मीदवार श्री सरदार ने अपनी सुरक्षा के लिए एक स्थानीय मठ में शरण ली। पार्टी ने घटना की निंदा करते हुए आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ दल विपक्षी प्रचार को हिंसा और डराने-धमकाने के जरिए रोकना चाहता है। वहीं तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि क्षेत्र में भाजपा के खिलाफ जनता में आक्रोश है और यह घटना उसी का परिणाम है।

घटना ने चुनाव से पहले राज्य के तनावपूर्ण राजनीतिक माहौल को एक बार फिर उजागर कर दिया है, जहां विभिन्न जिलों से लगातार झड़पों और आरोप-प्रत्यारोप की खबरें सामने आ रही हैं। इस बीच वरिष्ठ भाजपा नेता दिलीप घोष ने राज्य प्रशासन पर निशाना साधते हुए पुलिस के एक वर्ग पर सत्तारूढ़ दल का पक्ष लेने का आरोप लगाया। उनके बयान से पहले से गरमाए माहौल में और तीखापन आ गया है।