अजमेर। राजस्थान में अजमेर जिले में दो दिन तेज धूप के बाद मंगलवार को देर रात से बादलों की गड़गड़ाहट के बाद बारिश शुरू हो गई। बारिश होने से बुधवार को सुबह जनजीवन प्रभावित हुआ है। सर्दी का असर ज्यादा दिखाई देने लगा है। दो दिन की धूप के बाद लोग गर्म कपड़ों से परहेज करने लगे, लेकिन आज लोग गर्म कपड़े पहनते हुए नजर आए।
बुधवार तड़के चार बजे से कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश का दौर चलता रहा। इसके बाद रुक रुककर बारिश होती रही। करीब 11 बजे बौछारें तेज बारिश में बदल गई। बादलों की गर्जना के साथ बिजली भी कड़कती रही। बारिश से कई जगह शादी के पांडाल गिरे हो गए।
इस बारिश से किसानों को भी जहां नुकसान है, वहां फायदा भी दिखाई दे रहा है। सरसों की खड़ी फसल जो पकाव पर है, इस बारिश से उसके खराब होने की आशंका है, वहीं सरसों की पछेती फसल और गेहूं की फसल के लिए यह बारिश काफी मुफीद बताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले समय में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।



