बीकानेर। राजस्थान में बीकानेर जिले के पूगल थाना क्षेत्र में मंगलवार को पानी की डिग्गी में डूबने से एक महिला और उसके सात वर्ष के दोहिते की मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि भानीपुरा गांव से कुछ दूरी पर छैलूसिंह राजपूत के खेत में डिग्गी बनी हुई है। मंगलवार सुबह उनका सात वर्षीय दोहिता हरी सिंह खेलते-खेलते डिग्गी में गिर गया। बच्चे को बचाने के लिए उसकी नानी वसु कंवर (52) दौड़ी, लेकिन डिग्गी के पास पैर फिसलने से वह भी पानी में जा गिरीं। इससे दोनों की डूबने से मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य ढाणी में मौजूद थे। काफी देर तक दोनों नजर नहीं आने पर हरी सिंह की मां ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान डिग्गी में दोनों के शव तैरते दिखाई दिए। यह दृश्य देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई।
आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों शव डिग्गी से बाहर निकलवाए। बाद में शव पोस्टमार्टम के लिए पूगल अस्पताल भिजवाए गए।



