श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के सादुलशहर तहसील क्षेत्र में स्थित ग्राम पंचायत नारायणगढ़ (बुधसिंहवाला) में एक एक गरीब ईंट-भट्टा मजदूर के पुराने और जर्जर मकान की छत गिरने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को यह घटना गुरुवार रात करीब आठ बजे की है। पीड़ित चढसिंह मजहबी सिख (60) ईंट भट्टे पर मजदूरी करके अपना परिवार चलाता है। वह अपनी पत्नी नसीब कौर (59) के साथ घर के एक कमरे में सो रहा था। इसी दौरान अचानक छत ढह गई, जिससे दोनों मलबे में दब गए।
छत गिरने की तेज आवाज सुनकर चढ़सिंह के पुत्र, पुत्रवधुएं और पड़ोसी तुरंत मौके पर पहुंचे। गांव के गुरुद्वारे से लाउडस्पीकर पर मदद के लिए लोगों को बुलाया गया। मलबा जब हटाया गया तो नसीब कौर की मौत हो चुकी थी, जबकि चढसिंह बुरी तरह जख्मी था। उसे तुरंत सादुलशहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। नसीबकौर का शव आज सुबह पोस्टमार्टम के लिए सादुलशहर के सरकारी अस्पताल में लाया गया।
श्रीगंगानगर में युवक ने की आत्महत्या
श्रीगंगानगर जिले के लालगढ़ कस्बे में शुक्रवार को एक युवक ने अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस सूत्रों ने बताया कि युवक की पहचान गुरप्रीत सिंह (27) के रूप में हुई है। गुरप्रीत के भाई ने बताया कि कल रात गुरप्रीत के साथ उसने खाना खाया था। इसके बाद गुरप्रीत सोने के लिये अपने कमरे में चला गया।
उसने बताया कि सुबह करीब सात बजे वह उसे उठाने गया, तो गुरप्रीत रस्सी के फंदे पर लटका मिला। उसे तुरंत ही फंदे से उतारकर श्रीगंगानगर जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार परिवार वालों ने पोस्टमार्टम करवाने से इन्कार कर दिया।



