अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र में मालीबास गांव में सोमवार को एक दो मंजिला टावर गिरने से एक महिला की मौत हाे गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सिलीसेढ़ तिराहा के पास लक्ष्मी देवी (25) अपने घर में घरेलू कार्य कर रही थी। इसी दौरान तेज हवा और बारिश के बीच पास का दो मंजिला टावर अचानक ढह गया। टावर का मलबा सीधे घर पर आ गिरा। इससे लक्ष्मी देवी उसके नीचे दब गईं। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद लक्ष्मी देवी को मलबे से बाहर निकाला और तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, वहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर भेज दिया, लेकिन जयपुर ले जाते समय रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।



