हनुमानगढ़। राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के संगरिया थाना क्षेत्र में नहर के किनारे अवैध रूप से पेड़ काटने की घटना को रोकने पर वन विभाग की एक महिला अधिकारी को धमकाने और हमला करने का मामला सामने आया है।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि क्षेत्रीय वन कार्यालय टिब्बी में तैनात सहायक वनपाल पूनम बावरी (39) रविवार दोपहर को संगरिया थाना क्षेत्र के गांव भगतपुरा के नजदीक नहर पर नियमित गश्त कर रही थीं। इसी दौरान उन्होंने नहर की आरडी नंबर 42 और 43 के बीच दो व्यक्तियों को अवैध रूप से पेड़ काटते हुए और उसकी लकड़ी को एक वाहन में रखते हुए देखा।
पूनम बावरी ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और उनकी ड्यूटी में बाधा डालने लगे। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि आरोपियों ने महिला अधिकारी से धक्का-मुक्की करने की कोशिश की और उन्हें धमकियां दीं।
पुलिस ने बताया पूनम बावरी ने घटना के दौरान अपने मोबाइल फोन से आरोपियों की फोटो खींच ली थी। इन फोटो को आसपास के ग्रामीणों को दिखाने पर उनकी पहचान गांव काकरवाली निवासी मोहम्मद सलाम और मुस्तफा खान के रूप में हुई।
पुलिस ने उनके खिलाफ सरकारी कर्मचारी के कार्य में बाधा डालने, धक्का-मुक्की करने, जातिसूचक गालियां देने और धमकी देने के आरोप में आईपीसी की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।



