शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के मिर्जापुर क्षेत्र में एक महिला के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने बताया कि थाना मिर्जापुर क्षेत्र के एक गांव निवासी 30 वर्षीय महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 28 जनवरी की शाम वह शौच के लिए जा रही थी। इसी दौरान गांव के ही रहने वाले रामनरेश, जो रिश्ते में उसका मामा है, ने उसे अकेला पाकर जबरन खेत में ले जाकर कथित रूप से दुष्कर्म किया।
पीड़िता के अनुसार शोर सुनकर उसका पति मौके पर पहुंचा, जिस पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। पीड़िता का आरोप है कि जब वह पहले थाने पहुंची तो उसे वापस लौटा दिया गया, बाद में उच्चाधिकारियों के हस्तक्षेप पर मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने महिला को चिकित्सीय परीक्षण के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं और शीघ्र ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की विवेचना जारी है।



