महिला समाज एवं राष्ट्र की प्रगति का आधार : भजनलाल शर्मा

1

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने महिला को केवल परिवार ही नहीं बल्कि समाज और राष्ट्र को सशक्त करने की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी बताया है और कहा है कि विकसित भारत एवं विकसित राजस्थान का संकल्प महिलाओं के योगदान के बिना पूरा नहीं हो सकता।

शर्मा मुख्यमंत्री निवास पर महिला स्टार्टअप एन्टरप्रन्योर, रेडियो जॉकी, सरकारी विभागों में कार्यरत महिला अधिकारियों, आरएएस सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित छात्राओं, लखपति दीदी, समाजसेवी महिलाओं, मुख्यमंत्री कार्यालय एवं निवास पर कार्यरत महिला सुरक्षाकर्मियों एवं महिला कर्मचारियों से संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन पर कार्य करते हुए हमारी सरकार जन कल्याणकारी योजनाओं के जरिए इसी विकास यात्रा को सुनिश्चित कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र एवं राज्य की डबल इंजन सरकार महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए नीतियों एवं योजनाओं का निर्माण कर रही है। इसी का परिणाम है कि लखपति दीदी योजना के तहत प्रदेश में अब तक 16 लाख से अधिक लखपति दीदी बनाई गई हैं।

इसी प्रकार सोलर दीदी, बैंक सखी जैसी योजनाओं से महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त किया जा रहा है। राजनीति में सक्रिय भागीदारी के लिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत संसद और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है।

शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री लाडो प्रोत्साहन योजना में अब तक छह लाख से अधिक बालिकाओं को लाभान्वित किया जा चुका है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मा वाउचर योजना सहित विभिन्न योजनाओं द्वारा महिलाओं का सशक्तीकरण हुआ है, एक लाख 39 हजार स्वयं सहायता समूहों को 679 करोड़ रुपए की आजीविका सहायता उपलब्ध करायी गई है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री एकल नारी सम्मान पेंशन योजना के अंतर्गत 19 लाख से अधिक महिला पेंशनरों को 6 हजार 876 करोड़ रुपए और मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत 27 हजार से अधिक कन्याओं के विवाह के लिए लगभग 101 करोड़ रुपए की सहायता उपलब्ध करवाई गई है।

संवाद के दौरान ब्यावर की सोनिया वर्मा ने राज्य सरकार द्वारा महिला स्वास्थ्य के क्षेत्र में किये जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के लिए आभार जताया। उन्होंने सर्वाइकल कैंसर के लिए हाल ही में लॉन्च की गयी एचपीवी वैक्सीन के लिए भी केन्द्र एवं राज्य सरकार को धन्यवाद दिया। हनुमानगढ़ की मधु राठौड़ ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी सफलता की कहानी रखी।

डॉ. कृति भारती ने बताया कि समाज में बाल विवाह की रोकथाम के लिए वे निरंतर कार्य कर रही हैं। साथ ही, इस संबंध में वे जागरूकता भी ला रही हैं। डीडवाना-कुचामन की बाली देवी ने बताया कि राजीविका के माध्यम से वह आज बैंक सखी बनकर न केवल आत्मनिर्भर बनी, बल्कि वे अन्य महिलाओं को भी आगे बढ़ने के लिए अवसर दे रही हैं।