संस्कारों से ही राष्ट्र की दिशा तय करती है महिला : दिया कुमारी

पाली। राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने बुधवार को कहा कि संस्कारों से ही महिला राष्ट्र की दिशा तय करती है और वर्तमान में उसकी भूमिका पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।

दिया कुमारी बुधवार को पाली जिले के सिरियारी गांव में आचार्य भिक्षु के 300वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल द्वारा आयोजित महिला सम्मेलन में बोल रही थी। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए महिला मंडल को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सम्मेलन अत्यंत महत्वपूर्ण है और यह भूमि साधना एवं तप की भूमि है।

उन्होंने कहा कि महिलाएं अब समाज के हर क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण पहचान बना रही हैं और वर्तमान समय महिलाओं के लिए सुनहरा अवसर लेकर आया है। प्रत्येक महिला को आगे बढ़ाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता है। उन्होंने नयी पीढ़ी को संस्कारों और त्योहारों से जोड़ने पर जोर देते हुए कहा कि यदि ऐसा नहीं किया गया तो आने वाली पीढ़ी परंपराओं से दूर हो सकती है।

उन्होंने कहा कि महिला में अपार शक्ति है, आवश्यकता है उस शक्ति को पहचानने की। उन्होंने समाज के लिए योगदान देने की भावना से कार्य करने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है और आने वाले समय में भी महिलाओं को विभिन्न योजनाओं का लाभ मिलता रहेगा। उपमुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि वह हमेशा महिलाओं के साथ खड़ी हैं और किसी भी आवश्यकता या समस्या के लिए वे सीधे उनसे संपर्क कर सकती हैं। उन्होंने आचार्य भिक्षु के समाधि स्थल के दर्शन भी किए।