योगी आदित्यनाथ ने रामलला व हनुमानगढ़ी दरबार में टेका मत्था

अयोध्या। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को एक दिवसीय दौरे पर अयोध्या पहुंचे। राम कथा पार्क हेलीपैड से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सीधे‌ हनुमानगढ़ी पहुंचे। वहां पहुंचकर हनुमानजी की आरती उतारी और दर्शन पूजन किया। उसके बाद श्रीराम लला के दर्शन-पूजन कर देश-प्रदेशवासियों के कल्याण व सुख-समृद्धि की कामना की।

रामलला के दर्शन के उपरांत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम मंदिर निर्माण की प्रगति का हाल जाना। यहां श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को मंदिर निर्माण से जुड़ी जानकारी दी।

गौरतलब है कि एक महीने के अंदर मुख्यमंत्री ने तीसरी बार रामलला एवं हनुमानगढ़ी का दर्शन पूजन किया। इससे पहले मुख्यमंत्री 9 नवम्बर को कैबिनेट बैठक में शामिल होने अयोध्या आए थे, तब मंत्रियों के साथ उन्होंने दोनों मंदिरों में दर्शन पूजन किया था। पुनः मुख्यमंत्री 11 नवम्बर को दीपोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए थे। उसके अगले दिन उन्होंने हनुमानगढ़ी और रामलला के दर्शन किएथे।

राम मंदिर पूर्वजों के बलिदान और भावनाओं की सिद्धि

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि भगवान राम साक्षात धर्म के स्वरूप हैं और राम मंदिर पूर्वजों के बलिदान और भावनाओं की सिद्धि है। योगी ने यहां बड़ा भक्तमाल में विराजमान भगवान सीता-वल्लभ को सोने का मुकुट और छत्र अर्पित करने के उपरांत कहा कि लंबे संघर्ष के बाद मंदिर आंदोलन एक निर्णायक स्थिति में परिवर्तित होकर रामराज्य की आधारशिला पुष्ट करते हुए उसके गुणगान को तैयार हो रहा है। अयोध्या कैसी होनी चाहिए यह इसकी शुरुआत है। पहले लोग अपने आप को हिंदू और भारतीय बोलने में संकोच करते थे। आज हर व्यक्ति सनातन व भारतीयता के प्रति सम्मान का भाव रखता है।

उन्होंने कहा कि 500 वर्षों तक चले लंबे संघर्ष के बाद रामलला 22 जनवरी को विराजमान होने जा रहे हैं। पीएम मोदी राम मंदिर का उद्घाटन करने आ रहे हैं। ऐसे में अयोध्या वासियों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम को सफल बनाने और उसे ऊंचाई तक ले जाने के लिए अयोध्या वासियों को जिम्मेदारी संभालनी होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज एक नए भारत का दर्शन हो रहा है। दीपोत्सव में 52 देश के राजदूत आए थे। दीपोत्सव का प्रचार 52 देश में हुआ। भविष्य में कई कार्यक्रम होने जा रहे हैं। बड़ा भक्तमाल में मुकुट अर्पण का समारोह भविष्य के कार्यक्रम की आधारशिला है। अयोध्या के सुंदरीकरण की योजना को भी इससे बल मिला है। मानवीय जीवन के सभी हिस्से राम के आदर्शों से प्रेरणा प्राप्त करते हैं। अयोध्या हमेशा से सेवा के प्रति समर्पण की मिसाल रही है। नर सेवा ही नारायण सेवा है, यह यहां के धार्मिक आयोजनों में दिखती है।

उन्होने कहा कि 22 जनवरी के बाद अयोध्या में बड़ी संख्या में श्रद्धालु आएंगे। ऐसे में, अयोध्या को आतिथ्य सत्कार का एक आदर्श प्रस्तुत करना होगा। यही प्रभु के महायज्ञ में हम सब की आहुति मानी जाएगी। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जो भी आए, यहां के आतिथ्य से प्रभावित होकर जाए। यही संदेश अयोध्या से जाना चाहिए। इस अवसर पर देशभर के मठ-मंदिरों के महंतगण व साधु-संत जन मौजूद रहे।