नई दिल्ली। बाहरी उत्तरी दिल्ली पुलिस ने अपनी त्वरित और समन्वित कार्रवाई से एक जघन्य हत्या के मामले को मात्र छह घंटे में सुलझा लिया है।
स्वरूप नगर में मामूली विवाद के चलते एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसके तीन अभियुक्तों को पुलिस ने महज छह घंटे में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया खून से सना चाकू भी बरामद कर लिया है, जबकि चौथे फरार आरोपी की तलाश में गहन छानबीन जारी है।
पुलिस उपायुक्त हारेश्वर स्वामी ने शनिवार को बताया कि यह घटना शुक्रवार देर रात लगभग 11:40 बजे घटी। स्वरूप नगर पुलिस थाने को सूचना मिली कि लोअर जीटीके रोड पर देवेंद्र (26) नामक व्यक्ति को चाकू मारा गया है। पुलिस दल तुरंत अस्पताल पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने देवेंद्र को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की छानबीन में पता चला कि यह वारदात रात करीब 8:30 बजे हुई थी। देवेंद्र का अपने परिचित चार व्यक्तियों पवन, विकास, अविनाश और रोहित के साथ किसी मसले पर विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि पवन ने देवेंद्र को चाकू मार दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। इस घटना के बाद, स्वरूप नगर थाने में तुरंत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए, संयुक्त पुलिस आयुक्त विजय सिंह और पुलिस उपायुक्त हारेश्वर स्वामी के मार्गदर्शन में, थाना प्रभारी आलोक कुमार रंजन के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस दल का गठन किया गया।
पुलिस दल ने तुरंत चश्मदीद गवाहों से पूछताछ की और रात भर सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी निगरानी का सहारा लिया। साक्ष्यों के आधार पर, पुलिस ने देर रात कई ठिकानों पर छापेमारी की। एक सुनियोजित ऑपरेशन में, पुलिस ने तीन मुख्य अभियुक्तों रोहित (23), अविनाश (30) और पवन (26) को वारदात के मात्र छह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अभियुक्त पवन की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है। तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है, और मामले में आगे की विस्तृत छानबीन जारी है।