अलवर। राजस्थान में अलवर के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में स्थित खुदनपुरी जोहड़ के समीप गुरुवार को दिनदहाड़े एक युवक के अपहरण का प्रयास और डेढ़ लाख रुपए लूटे जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
वारदात के दौरान बदमाशों ने युवक से बेरहमी से मारपीट की, उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया और जबरन गाड़ी में बैठाकर ले जाने का प्रयास किया, लेकिन शोर मचाने के बाद वे उसे छोड़कर भाग गए। पीड़ित अभिषेक के अनुसार वह अपने दादा के डेढ़ लाख रुपए भारतीय स्टेट बैंक में जमा कराने जा रहा था। इसी दौरान खुदनपुरी जोहड़ के पास थार और बोलेरो गाड़ी में आए करीब छह युवकों ने उसे घेर लिया।
आरोप है कि बदमाशों ने पहले उससे मारपीट की, फिर डेढ़ लाख रुपए छीन लिए और मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। इसके बाद उसे जबरन गाड़ी में बैठाकर अपहरण करने का प्रयास किया। मारपीट में अभिषेक के हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घायल अभिषेक ने आरोप लगाया कि वह हमलावरों को अच्छी तरह जानता है। उसने करीब छह लोगों के नाम लिए हैं। अभिषेक का कहना है कि उसके पिता की कुछ लोगों से पुरानी रंजिश चल रही है और उसी रंजिश के चलते दूसरे पक्ष ने आरोपियों को भेजकर इस वारदात को अंजाम दिलाया। उधर, वैशाली नगर थाना पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपों के आधार पर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।



