धौलपुर में डाॅ जितेंद्र सिंह को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिखाए काले झंडे

धौलपुर। राजस्थान में धौलपुर के राष्ट्रीय प्रतिरक्षा विज्ञान संस्थान (एनआईआई) द्वारा स्थापित धौलपुर विज्ञान केन्द्र का उद्घाटन करने आए केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह को मंगलवार को धौलपुर पहुंचने पर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार डाॅ सिंह का काफिला जब हेलीपैड से रवाना होकर कार्यक्रम स्थल की तरफ जा रहा था, तभी जगदीश चौराहे पर युवा कांग्रेस कार्यकर्ता उनकी गाड़ी के सामने आ गए। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की योजनाओं के विरोध में नारेबाजी करते हुए हवा में काले झंडे लहराए।

मौके पर तैनात पुलिस बल ने तुरंत स्थिति संभाली व प्रदर्शनकारियों को काबू में किया। इस दौरान छह से अधिक यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। वहीं, कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने पर पूर्व सीएम अशोक गहलोत व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने निंदा की है।

गहलोत ने कहा कि लोकतंत्र में काले झंडे दिखाना विरोध करने का एक सामान्य तरीका है परन्तु जिस प्रकार भाजपा सरकार पुलिस के माध्यम से बार-बार लोकतांत्रिक विरोध करने पर भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई कर रही है, वह बेहद निंदनीय है। सीकर, बीकानेर, अनूपगढ़, चूरू के बाद आज धौलपुर में भी ऐसा किया गया है। पुलिस को इन युवाओं को अविलंब रिहा करना चाहिए।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि भाजपा सरकार में विरोध की आवाज़ को कुचलना और असंवैधानिक प्रक्रिया अपनाकर कार्रवाई करने का चलन बन गया है। राजस्थान में जिस तरह से कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दमनकारी कार्रवाई की जा रही है वह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।

भाजपा सरकार आए दिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बेवजह हिरासत में लेकर लोकतंत्र के खिलाफ काम कर रही है। केंद्रीय राज्य मंत्री (प्रधानमंत्री कार्यालय) डॉ. जितेंद्र सिंह के धौलपुर दौरे के दौरान आमजन की समस्याओं को लेकर विरोध जता रहे जिलाध्यक्ष तरुण शर्मा, प्रवक्ता भूदेव शर्मा व अन्य युवा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेना विरोध की आवाज़ को कुचलने की कोशिश है। सरकार अविलंब हिरासत में लिए युवाओं को रिहा करे।

सीओ मुनेश कुमार मीणा ने बताया केंद्रीय मंत्री डॉ. सिंह को युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाने की कोशिश की थी। आधा दर्जन से अधिक कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। इनसे पूछताछ कर रहे हैं।

बाद में डाॅ सिंह ने सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय में स्थित एनआईआई द्वारा स्थापित धौलपुर विज्ञान केन्द्र का उद्घाटन किया। वह नगर परिषद ऑडिटोरियम में आयोजित धौलपुर विज्ञान केन्द्र के लोकार्पण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान राजस्थान के गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।