श्रीगंगानगर में ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक युवक की मौत, एक घायल

0

श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के राजियासर थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हाे गया।

पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार रात करीब 10 बजे राष्टीय राजमार्ग 62 पर एक फैक्ट्री के नजदीक एक ट्रैक्टर ट्रॉलर ने विपरीत दिशा से आ रही मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। इससे मोटरसाइकिल पर सवार मुकेश (30) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी संदीप (28) गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस ने बताया कि घायल को सूरतगढ़ के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

स्मैक रखने के दोषी को दो वर्ष का कठोर कारावास

श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर के अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय ने स्मैक रखने के आरोपी को शुक्रवार को दोषी करार देते हुए दो वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश विपिन बिश्नोई ने अभियुक्त टेकचंद को स्मैक रखने का दोषी मानते हुए उस पर 10 हजार रुपये का जुर्माना भी किया। मामले के अनुसार रायसिंहनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने 26 अक्टूबर को अभियुक्त टेकचंद से 17 ग्राम स्मैक बरामद की थी।