सवाई माधोपुर। राजस्थान में सवाई माधोपुर में मानटाउन थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात कोटा से आईं एक बारात में डीजे पर नाचने को लेकर हुए मामूली विवाद में कोटा निवासी एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।
पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि इस घटना में गम्भीर रूप से घायल काली बस्ती, शकरपुरा कोटा निवासी विशाल (28) पुत्र रघुवीर चंद को लहूलुहान हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि कोटा के विज्ञान नगर से सवाई माधोपुर के सीमेंट फैक्ट्री क्षेत्र में संजय कलोशिया के यहां आई बारात में डीजे पर नाचने को लेकर विशाल के साथ कुछ युवकों की बहस हो गई। युवकों ने विशाल पर चाकू से हमला कर दिया।
पुलिस ने आठ नामजद सहित अन्यों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने छह नामजद सहित कुल 11 आरोपियों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
भरतपुर में बस पलटने से कई यात्री घायल
भरतपुर के सेवर थाना क्षेत्र में आगरा-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-21 पर मंगलवार सुबह सवारियों से भरी स्लीपर कोच बस बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई इससे कई यात्री घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बरेली से जयपुर की ओर जा रही स्लीपर कोच बांसी क्षेत्र में चालक को झपकी आने से बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और यात्रियों को स्थानीय लोगों की मदद से बस से निकाला। बस में करीब 35 लोग सवार थे। इनमें से अधिकतर लोगों का मौके पर ही उपचार किया गया जबकि सात घायलों को भरतपुर के आरबीएम अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस घटना की जांच कर रही है।



