राजस्व मंडल की ओर से प्रकाशित राविरा के 132वें अंक का विमोचन

2

अजमेर। राजस्व मंडल अध्यक्ष अजिताभ शर्मा ने राविरा पत्रिका के 132वें अंक का विमोचन सोमवार को किया।

राजस्व मंडल की ओर से प्रकाशित इस अंक में राजस्व न्यायालयों की कार्यप्रणाली में गुणात्मक सुधार, न्‍यायालय कार्य निष्पादन में व्यावहारिक समस्याएं, उनका समाधान, काश्तकार वर्ग के हितों में ऑनलाइन सेवाओं की सुलभता एवं लाभ, जनसाधारण के लिए नि:शुल्क न्याय प्राप्ति के लिए विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका, राज्य में फसल सर्वेक्षण में पारदर्शिता के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म एवं कृषि जोत विभाजन के विधिक प्रावधान आदि विषयक सामग्री को विशेष आलेखों के रूप में प्रकाशित किया गया है।

इसके साथ ही राजस्व मंडल के स्तर से विविध प्रकरणों में दिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों को संदर्भ एवं मार्गदर्शन के उद्देश्य से राजस्व न्यायालयों के लिए उपलब्ध कराया गया है। राज्य के अधीनस्थ राजस्व न्यायालयों की कार्यप्रणाली को और अधिक बेहतर बनाने को लेकर समय-समय पर जारी दिशा- निर्देश, महत्वपूर्ण परिपत्र, नवीन राजस्व इकाइयों के गठन व अन्य अधिसूचनाओं को भी इस अंक में प्रकाशित किया गया है।

इस अवसर पर राविरा के प्रमुख सम्पादक व मंडल निबन्धक महावीर प्रसाद, सदस्‍य डॉ. शिवप्रसाद सिंह, मदनलाल नेहरा, गौरव बजाड़ तथा सम्पादक पवन शर्मा उपस्थित रहे।