Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 489 -
होम ब्लॉग पेज 489

हिसार में कर्ज से परेशान डाक्टर ने की खुदकुशी

हिसार। हरियाणा में हिसार में एक चिकित्सक का शव मंगलवार तड़के एक पार्क में पेड़ से लटका मिला। आशंका है कि कर्ज से परेशान चिकित्सक ने खुदकुशी की है।

पुलिस ने बताया कि बीएचएमएस चिकित्सक डॉ. असीम कुमार (52) चार दिन से घर से लापता थे। पत्नी अनिमा ने गुमशुदा शिकायत भी करवाई थी। उनका शव आज जिंदल पुल के नजदीक एनफील्ड एजेंसी के सामने स्थित पार्क में पेड़ पर कपड़े के सहारे लटका मिला।

अर्बन स्टेट पुलिस के अनुसार मौत आज सुबह चार से छह बजे के बीच हुई है। मृतक से कोई सुइसाइड नोट नहीं मिला है लेकिन चिकित्सक के पड़ोसी दुकानदारों का कहना है कि उन पर काफी कर्ज था, जिस कारण वे मानसिक रूप से परेशान रहते थे।

11 नवंबर की दोपहर डाबड़ा चौक पर चावला अस्पताल के नजदीक स्थित अपने क्लीनिक से बैंक में जाने की बात कहकर निकले थे। उन्होंने बताया था कि वे शाम चार बजे तक वापिस आ जाएंगे लेकिन वे वापिस नहीं आए। वह अपने दोनों मोबाईल और गाड़ी क्लीनिक में ही छोड़ कर गए थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

येस सिक्योरिटीज ने राजस्थान में डीमैट खातों में दर्ज की लगभग 5 गुना वृद्धि

0

राजस्थान के शीर्ष 6 बाजारों में शामिल हैं जयपुर, जोधपुर, अलवर, उदयपुर, कोटा और दौसा राजस्थान में येस सिक्योरिटीज द्वारा खोले गए सभी खातों में से लगभग 25 प्रतिशत खाते महिला निवेशकों के वित्त वर्ष 24 तक राजस्थान के सभी शहरों में अपनी पेशकश और सेवाओं को और मजबूत करने की योजना

जयपुर | देश की अग्रणी वेल्थ ब्रोकिंग और वित्तीय सलाहकार फर्मों में से एक येस सिक्योरिटीज लिमिटेड (वाईएसएल) ने पिछले वित्तीय वर्ष में राजस्थान में नए डीमैट और ट्रेडिंग खाते खोलने में सालाना आधार पर लगभग 5 गुना वृद्धि दर्ज की है। बढ़ती वित्तीय जागरूकता, टियर टू और टियर- थ्री शहरों में इंटरनेट सेवाओं की तेजी से पैठ, वित्तीय जोखिम की बेहतर समझ, और डिजिटल तरीके से नए उपयोगकर्ताओं को अपने साथ जोड़ने की सुविधा के कारण शेयर बाजार में लोगों की भागीदारी में वृद्धि हुई है। येस सिक्योरिटीज लिमिटेड का अगला लक्ष्य निकट भविष्य में राजस्थान के अंतिम छोर तक समस्त निवेशकों तक पहुंचने के लिए फिनटेक और डिजिटल परिवर्तन का लाभ उठाना है।

सीडीएसएल और एनएसडीएल के अनुसार, राजस्थान की निवेशक आबादी पिछले दो वर्षों में दोगुनी से अधिक हो गई है। नवीनतम आंकड़ों से यह भी पता चलता है कि राजस्थान में नवंबर 2021 से अब तक 21 लाख से अधिक नए निवेशक जुड़े हैं, जो कि सालाना आधार पर 45 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है। हालांकि राज्य में निवेशकों की भागीदारी बढ़ी है, फिर भी अभी इस सेगमेंट में राजस्थान की कुल 6.89 करोड़ की आबादी का मात्र 10 प्रतिशत हिस्सा (कुल 67.7 लाख डीमैट खाते) ही शामिल है, जो निवेश और धन सृजन की अपार संभावना को दर्शाता है।

येस सिक्योरिटीज के बिज़नेस में राजस्थान भारत के शीर्ष पांच बाजारों में से एक बना हुआ है। येस सिक्योरिटीज में राजस्थान में महिला निवेशकों की भागीदारी लगभग 25 प्रतिशत है। यह डेटा विशेष रूप से राजस्थान में शेयर बाजारों में महिलाओं की भागीदारी में उल्लेखनीय वृद्धि पर प्रकाश डालता है।

अभी तक, येस सिक्योरिटीज के लिए शीर्ष छह शहर जयपुर, जोधपुर, अलवर, उदयपुर, कोटा और दोसा है। वर्तमान में, येस सिक्योरिटीज ने राजस्थान में ग्राहक अधिग्रहण में 80 से अधिक शहरों को छुआ है। आगे बढ़ते हुए येस सिक्योरिटीज ने वित्त वर्ष 24 तक राजस्थान के सभी शहरों में अपनी पेशकशों और सेवाओं को और मजबूत करने की योजना बनाई है।

येस सिक्योरिटीज की इस विकास यात्रा के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए कंपनी के ज्वाइंट एमडी और सीईओ श्री अंशुल अजरि ने कहा, “आर्थिक परिदृश्य में अपने खास स्थान और शेयर बाजार में बढ़ती भागीदारी के कारण राजस्थान हमेशा से हमारे लिए महत्वपूर्ण बाजारों में से एक रहा है। हमने इस समृद्धि को राजस्थान में अपने कारोबार में शानदार विकास में तब्दील होते देखा है, और हम मौजूदा और अन्य नए शहरों में अपने परिचालन का विस्तार करके इसे और अधिक तेजी से आगे बढ़ाने का इरादा रखते हैं।

हमारे ग्राहकों के दीर्घकालिक वित्तीय लक्ष्यों और जोखिम की क्षमता के आधार पर हम सभी वित्तीय साधनों में अनेक सॉल्यूशंस प्रदान करते हैं, जैसे इक्विटी, करेंसी, कमोडिटीज, एफ एंड ओ, निश्चित आय, ऑफशोर इनवेस्टमेंट्स आदि। प्रोडक्ट नहीं, बल्कि सॉल्यूशंस उपलब्ध कराने के हमारे इस रणनीतिक विजन के कारण हमें राजस्थान और बाकी राज्यों में भी यह उपलब्धि हासिल करने में मदद मिली है। हमारी रिसर्च – बैक्ड एडवाइजरी के कारण आज येस सिक्योरिटीज अन्य कंपनियों से अलग है। हमारी रिसर्च टीम इस उद्योग में सबसे बड़ी रिसर्च टीमों में से एक है जो हमें न केवल सलाहकार बनने में सक्षम बनाती है, बल्कि वेल्थ क्रिएशन की लोगों की यात्रा में हमें उनका भागीदार बनने में मदत करती है ।”

काजोल की फिल्म सलाम वेंकी का ट्रेलर रिलीज

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री काजोल की आने वाली फिल्म सलाम वेंकी का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। काजोल की आने वाली फिल्म सलाम वेंकी अविश्वसनीय कहानी पर आधारित है, जो अपने बेटे के सामने आने वाली हर चुनौतियों का सामना करते हुए जीवन को पूरी तरह से जीने में उसकी मदद करती है।

रेवती द्वारा निर्देशित सलाम वेंकी के ट्रेलर में काजोल को एक मां और विशाल जेठवा को वेंकटेश उर्फ वेंकी के रूप में दिखाया गया है। ट्रेलर में दिखाया गया है कि वेंकी की सेहत बिगड़ती जा रही है, लेकिन इसके बावजूद उसका लक्ष्य अपने सभी सपनों को पूरा करना है।

रेवती ने कहा कि सलाम वेंकी एक ऐसा प्रोजेक्ट है, जो उनके दिल के बेहद करीब है। मेरा हमेशा से मानना रहा है कि मां असली हीरो होती हैं और सलाम वेंकी के माध्यम से एक ऐसी ही मां के अपने बेटे के लिए बिना शर्त प्यार की इस अविश्वसनीय सच्ची कहानी को बताना मेरे लिए बेहद खुशी की बात है।

काजोल ने कहा कि सलाम वेंकी में सुजाता की भूमिका और रेवती मैम के निर्देशन में काम करने को लेकर मैं खुद को भाग्यशाली महसूस करती हूं। जिस दिन मैंने फिल्म के आइडिया के बारे में सुना इसने मेरे दिल को बहुत गहराई से छू लिया और मैं यह जान गई कि किसी भी हाल में मुझे इस अद्भुत कहानी का हिस्सा बनना है।

फिल्म सलाम वेंकी में काजोल और विशाल जेठवा के राहुल बोस, राजीव खंडेलवाल, प्रकाश राज और अहाना कुमरा भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। सलाम वेंकी 9 दिसंबर 2022 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

गुजरात चुनाव : भाजपा की चौथी सूची जारी, अल्पेश ठाकोर की सीट बदली

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार देर रात अपने 12 उम्मीदवारों की सूची जारी की जिसमें अल्पेश ठाकोर को राधनपुर की जगह गांधीनगर दक्षिण से उम्मीदवार बनाया गया।

भाजपा की केन्द्रीय चुनाव समिति ने 09 नवंबर को इन नामों को मंजूरी दी थी। भाजपा ने पहली सूची में 160 उम्मीदवार, दूसरी सूची में छह, तीसरी में एक और चौथी में 12 उम्मीदवार घोषित किये हैं। इस प्रकार से अब 179 उम्मीदवार घोषित हो चुके हैं। गुजरात विधानसभा की कुल 182 सीटों के लिए मतदान दो चरणों में एक एवं पांच दिसंबर को होगा और मतगणना आठ दिसंबर को होगी।

चौथी सूची के अनुसार राधनपुर से लविंगजी ठाकोर, पाटन से राजुलबेन देसाई, हिम्मतनगर से वीडी झाला, गांधीनगर दक्षिण से अल्पेश ठाकोर, गांधीनगर उत्तर से रीताबेन पटेल, कलोल से बकाजी ठाकोर, वटवा से बाबू सिंह जाधव, पेटलाद से कमलेश पटेल, मेहमदाबाद से अर्जुन सिंह चौहान, झालोद (सु) से महेश भूरिया, जेतपुर (सु) से जयंतीभाई राठवा और सय्याजीगंज से केयूर रोकड़िया को टिकट दिया गया है।

पिछली बार अल्पेश ठाकोर को राधनपुर से टिकट दिया गया था जबकि इस बार उन्हें गांधीनगर दक्षिण टिकट दिया गया है। भाजपा ने रविवार को तीसरी सूची में पार्टी ने वधावन विधानसभा क्षेत्र से जगदीशभाई मकवाना को मैदान में उतारने का एलान किया था।

तेलुगु अभिनेता घट्टामनेनी कृष्णा का हार्ट अटैक से निधन

हैदराबाद। प्रसिद्ध तेलुगु अभिनेता घट्टामनेनी शिवराम कृष्णमूर्ति (कृष्णा) का दिल का दौरा पड़ने से मंगलवार सुबह चार बजे अस्पताल में निधन हो गया। वे 79 वर्ष के थे। उनके पुत्र प्रसिद्ध अभिनेता महेश बाबू और तीन बेटियां है। उनकी पत्नी इंदिरा देवी का इसी साल जनवरी में निधन हो गया था।

कृष्णा को सोमवार को दिल का दौरा पड़ने पर गाचीबोवली में अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। कृष्णा का जन्म 31 मई, 1943 को आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले के बुरिपलेम में घट्टामनेनी राघवय्या चौधरी और नागरत्नम्मा के घर हुआ था।

उन्होंने पांच दशकों के अपने फिल्मी करियर में 350 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया। केन्द्र सरकार ने 2009 में उन्हें भारतीय सिनेमा में उनके योगदान के लिए पद्म भूषण से सम्मानित किया था। वह 1989 में कांग्रेस पार्टी के टिकट पर एलुरु से लोकसभा सांसद चुने गए थे।

उन्हें 1997 में फिल्मफेयर लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड तथा 2008 में आंध्र विश्वविद्यालय से डॉक्टरेट की मानद उपाधि मिली। कृष्णा ने अपने फ़िल्मी करियर की शुरुआत कुला गोथरालु (1961), पदंडी मुंधुकु (1962) और परुवु प्रतिष्ठा (1963) जैसी फिल्मों में छोटी भूमिकाओं के साथ की थी।

सबगुरु राशिफल : 15 नवम्बर मंगलवार को आपके भाग्य में क्या होगा खास

सबगुरु न्यूज। मार्गशीर्ष मास, कृष्ण पक्ष, सप्तमी तिथि, वार मंगलवार, सम्वत 2079, हेमंत ऋतु, रवि दक्षिणायन, सुबह 05.50 बजे बाद अष्टमी तिथि प्रारम्भ।

मेष राशि :- आज स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। घुटनों और जोड़ों के दर्द से राहत मिल सकती है। सुबह व्यायाम करें, अतिरिक्त लाभ मिलेगा। पारिवारिक कारण या नौकरी को लेकर आप लंबी दूरी की यात्राओं पर जाने से बचें। कार्यक्षेत्र में आपको उच्च पद, प्रतिष्ठा व मान-सम्मान मिलने के संकेत हैं

वृषभ राशि :- आज आपकी कार्य-शक्ति गजब की रहेगी। जिसकी वजह से आप अपने कार्य समय से पूरा कर पाएंगे। बिज़नेस में पिता का सहयोग आपको बड़ा आर्थिक लाभ दे सकता है। आर्थिक मामलों के लिए यह अवधि बढ़िया रहेगी बस धन संबंधी लेन-देन में आपको जल्दबाज़ी करने से बचना होगा।

मिथुन राशि :- आज आप विपरीत लिंग वाले लोगों की ओर आकर्षित हो सकते हैं। सेहत पर ध्यान दें। अधिकारी आपसे खुश हो सकते हैं। स्टूडेंट्स को किसी मामले पर निराशा भी हो सकती है। फालतू विवादों से बचने की कोशिश भी करनी चाहिए। कारोबार में खर्चों पर कंट्रोल रखना होगा।

कर्क राशि :- आज घरेलू जीवन के लिए यह समय जटिल हो सकता है। भाई-बहनों को अपने स्वास्थ्य के प्रति थोड़ी सतर्कता बरतनी होगी। दाम्पत्य जीवन के लिए यह समय मिलाजुला रहने वाला होगा। रिश्तों में मधुरता कायम रहे इसके लिए बेहतर तो यही होगा कि आप उनके साथ थोड़ा संयम से पेश आएं।

सिंह राशि :- आज परिवार के साथ आप कुछ बेहतरीन पलों का आनंद उठा सकते हैं। सुख-सुविधाओं की वस्तुओं का उपभोग करने व उन्हें जुटाने के लिए इस अवधि में आप काफी प्रयासरत रहेंगे। दाम्पत्य जीवन के लिए यह समय काफी अनुकूल रहने की सम्भावना है। आपके वैवाहिक संबंध मजबूत रहेंगे।

कन्या राशि :- आज छोटी या लंबी दूरी की यात्रा से बचना होगा। वे जातक जिनका झुकाव धार्मिक प्रवृत्ति की ओर ज्यादा है, वे लोग ईश्वर की स्तुति का आयोजन कर सकते हैं। प्रेम प्रसंगों के लिए आज का दिन अनुकूल रहेगा। उनकी सेहत का पूरा ख्याल रखें। इसके अलावा इलाज पर अधिक खर्च होने से आपका बजट बिगड़ सकता है।

तुला राशि :- आज घरेलू जीवन के लिए यह समय अच्छा प्रतीत होता नहीं दिख रहा। कुछ न कुछ पारिवारिक अशांति आपके साथ लगी रहेगी। दाम्पत्य जीवन के लिए यह समय काफी अच्छा रह सकता है। जीवनसाथी के साथ शांति के कुछ ख़ुशनुमा पल आप बिता सकेंगे। सेहत की दृष्टि से यह आपके लिए उत्तम रहेगा।

वृश्चिक राशि :- आज आपका पारिवारिक जीवन आनंदमय बना रहेगा। आप एक नई ऊर्जा का संचार महसूस करेंगे। किसी ख़ूबसूरत पल को याद करके आप अपने को तरोताज़ा कर सकते हैं। अपने प्रेमी की तरफ आपका झुकाव अधिक रहेगा। रोमांस करने के भी आपको भरपूर मौक़े प्राप्त होंगे। कुछ स्टूडेंट्स गलत लोगों की संगत में पड़कर अपना समय खराब कर सकते हैं।

धनु राशि :- आज पारिवारिक स्तर पर ख़ुशियों में बढ़ोत्तरी संभव है। इस दौरान मनोरंजन हेतु आप परिवार के साथ कोई आयोजन कर सकते हैं। दाम्पत्य जीवन के लिए यह समय थोड़ा चुनौतीपूर्ण हो सकता है। जीवनसाथी के स्वभाव में आपको गर्म मिज़ाजी देखने को मिल सकती है। स्वास्थ्य का मामला सामान्य रहेगा। आप अपने स्वभाव में आध्यात्मिकता की वृद्धि पाएंगे।

मकर राशि :- आज सम्बन्धों में मधुरता बनाएं रखने के लिए आपके लिए यह जरुरी है कि अपने पार्टनर की भावनाओं का आदर करें व बेवज़ह उनके साथ उलझने से बचें। मानसिक शांति प्राप्त करने के लिए आप अपनी आध्यात्मिक गतिविधियों को बढ़ा सकते हैं। ऑफिस से जुड़ी गलतफहमी या परेशानी भी खत्म हो जाएगी। लोग आपका सहयोग करेंगे, लेकिन पहल आपको ही करनी पड़ेगी।

कुंभ राशि :- आज नौकरी में परिवर्तन होने के आसार नज़र आ रहे हैं। जो लोग नई जॉब की तलाश में हैं उन्हें इस अवधि में सफलता मिल सकती है। शेयर बाजार व सट्टे-लॉटरी से जुड़े जातक अच्छा पैसा कमा सकते हैं। आर्थिक लाभ के लिए यह समय बहुत अनुकूल हो सकता है। धन कमाने के लिए आपकी भागा-दौड़ी लगी रहेगी।

मीन राशि :- आज पारिवारिक जीवन के लिए यह समय थोड़ा कष्टदायी हो सकता है। घरेलू लोगों में तालमेल की कमी आपको दृष्टिगोचर हो सकती है। पिता का भरपूर सहयोग व समर्थन आपको मिलने की उम्मीद रहेगी। प्रेम जीवन बहुत ही आनंदमय रहने के संकेत हैं। प्रियजन के साथ मनपसंद जगहों पर घूमने के मौक़े आपको मिल सकते हैं। स्वास्थ्य के लिहाज से आज का दिन सामान्य रहेगा।

राजस्थान में अब तक दी जा चुकी है करीब 1.25 सरकारी नौकरियां : अशोक गहलोत

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य सरकार को युवाओं के सपने साकार करने के लिए उचित अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध बताते हुए कहा है कि प्रदेश में अब तक लगभग 1.25 लाख सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं।

गहलोत आज जयपुर के बिड़ला सभागार में दो दिवसीय मेगा जॉब फेयर के पहले दिन आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लगभग इतने ही पदों पर भर्ती प्रक्रियाधीन है तथा एक लाख नौकरियों की और घोषणा की गई है। उन्होंने कहा कि आने वाला बजट राज्य के युवाओं और छात्रों को समर्पित होगा। उन्होंने युवाओं से आगे बढ़कर बजट के लिए अधिक से अधिक सुझाव राज्य सरकार को भेजने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की नीतियों से ही राज्य में निरंतर रोजगार सृजित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि मेगा जॉब फेयर में पंजीकरण अधिक होने के कारण इसका आयोजन दो दिवसीय कर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि मेगा जॉब फेयर में मेरिट के आधार पर नौकरी के लिए चयन हो रहा है तथा युवाओं को मौके पर ही ऑफर लेटर दिए जा रहे हैं। युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराना राज्य सरकार का दायित्व है। उन्होंने कहा कि इस तरह के जॉब फेयर का आयोजन राज्य के प्रत्येक जिले में किया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मेगा जॉब फेयर में नौकरी प्राप्त करने वाले छात्रों से मिलकर उनकी हौंसला अफज़ाई की तथा उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। इस दौरान जॉब फेयर में आई प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ निजी क्षेत्र में लगभग 30 हजार नौकरियां सृजित करने के लिए एमओयू साइन किया गया।

हुनरमंद युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए राज्य सरकार द्वारा आयोजित किए जा रहे इस दो दिवसीय जॉब फेयर के लिए लगभग 43 हजार युवाओं ने पंजीकरण करवाया है। जॉब फेयर में 17 सेक्टर की 60 से ज्यादा निजी कम्पनियों द्वारा लगभग 10 हजार वेकेंसी को भरने के लिए साक्षात्कार लिए जाएंगे।

पहले दिन ही लगभग 16500 युवाओं का साक्षात्कार लेकर व 5000 से अधिक प्रतिभागियों को शॉर्टलिस्ट किया जाकर लगभग 825 युवाओं को मौके पर ही प्लेसमेंट दिया जा चुका है। इस प्रकार रोजगार सृजन के क्षेत्र में राजस्थान लगातार प्रगति कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में अधिक से अधिक उद्योग स्थापित करने व निवेश लाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। राज्य सरकार की नीतियों के कारण ही इन्वेस्ट राजस्थान समिट में देश भर से आए निवेशकों के साथ 11 लाख करोड़ के एमओयू साइन हुए। साथ ही लघु उद्योगों को प्रोत्साहन देने के लिए एमएसएमई एक्ट लाया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं की आज पूरे देश में चर्चा है। गहलोत ने कहा कि वर्तमान युग आईटी का युग है। स्वर्गीय राजीव गांधी का देश को आई.टी. से जोड़ने का स्वप्न आज साकार हो रहा है। राज्य सरकार प्रदेश में आईटी क्षेत्र को प्रोत्साहन देने के लिए लगातार निर्णय ले रही है।

आज प्रदेश में लगभग 80 हजार ई-मित्र के माध्यम से जनता को 600 सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं। डीबीटी के द्वारा गरीबों के खातों में सीधे राशि जमा कर उन्हें लाभान्वित किया जा रहा है। विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने के लिए ऑनलाइन अप्रूवल की व्यवस्था की गई है। इस प्रकार आज आमजन को पारदर्शी सुशासन देने में आईटी की महत्वपूर्ण भूमिका है।

कौशल, रोजगार एवं उद्यमिता मंत्री अशोक चांदना ने कहा कि मुख्यमंत्री की युवाओं के प्रति सकारात्मक सोच के कारण ही यह मेगा जॉब फेयर सम्भव हो पाया है। इससे प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वारा खुले हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जॉब फेयर में लगे विभिन्न स्टॉल्स का अवलोकन किया तथा वहां मौजूद युवाओं से मिलकर बातचीत की।

दिल्ली दंगा 2020 : पूर्व पार्षद ताहिर हुसैन की याचिका खारिज

नई दिल्ली। उच्चतम न्यायालय ने 2020 दिल्ली दंगों के आरोपी आम आदमी पार्टी के पूर्व निगम पार्षद ताहिर हुसैन की अपील सोमवार को ठुकरा दी।

ताहिर ने अपने खिलाफ दर्ज मुकदमों पर रोक लगाने की याचिका पर दिल्ली उच्च न्यायालय के इनकार के बाद शीर्ष अदालत का दरवाजा खटखटाया था।

न्यायमूर्ति अजय रस्तोगी और न्यायमूर्ति सीटी रविकुमार की पीठ ने दिल्ली उच्च न्यायालय के फैसले में दखल देने से इनकार कर दिया, जहां 16 अक्टूबर को ताहिर की याचिका खारिज कर दी गई थी।

शीर्ष अदालत ने याचिका खारिज करते हुए इस तथ्य पर गौर किया कि उच्च न्यायालय ने इस मामले की अगली सुनवाई के लिए 25 जनवरी की तारीख मुकर्रर की है।

ताहिर के खिलाफ 2020 में उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। उन पर दंगे भड़काने और अवैध हथियार रखने समेत कई अन्य संगीन आरोप हैं। इस मामले में वह 16 मार्च 2020 से न्यायिक हिरासत में जेल में बंद है।

प्रेमी ने प्रेमिका की हत्या की, शव के किए 35 टुकड़े, पढें कैसे हुआ खुलासा

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी की एक दिल दहलाने वाली घटना में एक प्रेमी ने प्रेमिका की गला घोंटकर हत्या करने के बाद उसके 35 टुकड़े कर दिए और शव ठिकाने लगाने के लिए उन्हें आसपास के इलाकों में फेंकता रहा। दिल्ली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और शव के टुकड़े तलाश रही है।

पुलिस ने बताया कि श्रद्धा मुंबई के एक काॅल सेंटर में काम करती थी, जहां उसकी मुलाकात आफताब पूनावाला से हुई और दोनों के बीच प्रेम हो गया। श्रद्धा के परिजनों के रिश्ते को स्वीकार न करने के उपरांत यह जोड़ा दिल्ली आ गया और महरौली में एक फ्लैट किराये पर लेकर रहने लगा। दोनों के बीच कुछ समय तक चीजें ठीक रहीं लेकिन फिर शादी को लेकर झगड़ा शुरू हो गया।

पुलिस ने बताया कि श्रद्धा आफताब से शादी के लिए जिद कर रही थी, इसी को लेकर उनके बीच गत 18 मई को झगड़ा हुआ और आफताब ने श्रद्धा की गला घोंटकर हत्या कर दी। उसने शरीर के 35 टुकड़े कर उन्हें रखने के लिए बड़ा फ्रिज खरीदा। आफताब अगले 18 दिनों तक आधी रात के बाद घर से निकलता और दिल्ली में अलग-अलग जगहों पर श्रद्धा के शव के टुकड़े फेंकता। वह करीब दो किलोमीटर दूर जाकर जंगल में शवों के टुकड़े फेंकता था।

पुलिस के अनुसार घटना का खुलासा तब हुआ, जब श्रद्धा ने घरवालों का फोन उठाना बंद कर दिया था। उसके पिता आठ नवंबर को पुत्री से मिलने के लिए दिल्ली पहुंचे, जहां फ्लैट का दरवाजा बंद था। पिता ने महरौली पुलिस से संपर्क किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने शनिवार को आफताब को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर श्रद्धा के शव के टुकड़ों की तलाश रही है।

पुलिस ने बताया कि उक्त लापता महिला छतरपुर पहाड़ी इलाके में आफताब अमीन पूनावाला के साथ रह रही थी और इलाके से लापता हो गई थी। लिहाजा नौ नवंबर को महरौली थाने में महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ के दौरान, लापता महिला के परिवार के सदस्यों से संपर्क किया गया और विवरण मांगा गया। उसके पिता ने कहा कि 14 सितंबर को उसके पुत्र को उसकी पुत्री के दोस्त ने बताया कि पिछले ढाई महीने से उससे से कोई संपर्क नहीं हो रहा है और उसका मोबाइल फोन भी बंद है। उसके बाद उन्होंने अपनी पुत्री की गुमशुदगी की रिपोर्ट महाराष्ट्र के मानिकपुर थाने में दर्ज कराई, उसके बयान पर दिल्ली के महरौली थाने में मामला दर्ज कर छानबीन की गई।

पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान आफताब की तलाश में छापेमारी की गई। दिल्ली के छतरपुर पहाड़ी में छापेमारी की गई, जहां दोनों रह रहे थे और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि लगातार की गई पूछताछ के दौरान, आफताब ने खुलासा किया कि वह और मृतका 2019 से कथित तौर पर लिव-इन रिलेशन में थे और मूल रूप से दोनों मुंबई के रहने वाले थे।

वे साल 2019 में किसी डेटिंग ऐप के जरिए एक-दूसरे से मिले थे। तब से ये दोनों साथ हैं। उनका बहुत बार झगड़ा होता था। उन्होंने मार्च और अप्रैल के महीनों में हिल स्टेशनों का दौरा किया था। इसके बाद, उन्होंने दिल्ली में रहने का फैसला किया। घटना वाले दिन आरोपी ने कथित तौर पर मृतका का गला घोंट दिया और शरीर को 35 भागों में काट दिया और लंबे समय तक उन टुकड़ों को ठिकाना लगाते रहा।

वनरक्षक भर्ती परीक्षा पेपर लीक : एक अरेस्ट, 10 को हिरासत में लिया

राजसमंद/जयपुर। राजस्थान में वनरक्षक भर्ती के लिए शनिवार को दूसरी पारी में आयोजित की गई परीक्षा का पेपर लीक कर अभ्यार्थियों को भेजने वाले गिरोह का राजसमंद पुलिस ने खुलासा किया है और इसमें एक विद्युत कर्मचारी को गिरफ्तार जबकि अन्य दस लोगों को हिरासत में लिया गया है।

पुलिस महानिदेशक उमेश मिश्रा ने बताया कि एसओजी टीम एवं सूचना पर राजसमंद पुलिस द्वारा दरीबा एवीवीएनएल कार्यालय में तकनीकी सहायक दीपक कुमार शर्मा (30) निवासी जखौरा थाना सपोटरा जिला करौली को हिरासत में लिया गया। उसके मोबाइल की व्हाट्सएप चेटिंग में वनरक्षक भर्ती परीक्षा 2020 से संबंधित प्रश्न पत्र एवं 12 नवंबर को आयोजित द्वितीय पारी के प्रश्नपत्र के उत्तर के विकल्प एवं अन्य संदिग्ध डाटा पाया गया।

राजसमन्द पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि आरोपों दीपक की चैटिंग में द्वितीय पारी के मूल प्रश्न पत्र के उत्तर के विकल्पों का मिलान करने पर कुल 62 विकल्प परीक्षा से पहले दीपक के मोबाइल में व्हाट्सएप पर आना मिला।

पूछताछ में दीपक ने गंगापुर सिटी सवाईमाधोपुर निवासी पवन सैनी से पां लाख रुपए में परीक्षा के एक घंटे पहले प्रश्न पत्र के उत्तर प्राप्त कर परिचित जितेंद्र कुमार सैनी और हेतराम मीणा को छह लाख रुपए में व्हाट्सएप द्वारा भेजना बताया।

प्रकरण में आरोपी दीपक शर्मा को गिरफ्तार किया गया एवं जयपुर डीसीपी ईस्ट व साउथ, पलिस अधीक्षक दौसा, भिवाड़ी व करौली के सहयोग से वनरक्षक परीक्षा के पेपर लीक करने के संदिग्ध दस और आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।

जिन लोगों को हिरासत में लिया गया उनमें पवन सैनी (33), निवासी माहुवाखुर्द थाना गंगापुर सिटी जिला सवाईमाधोपुर, जितेन्द्र कुमार सैनी (26) व विजेन्द्र सैनी (24) निवासी जाखौदा थाना सपोटरा जिला करोली, हेमराज उर्फ हेतराम मीणा (24) निवासी अजयपुरा थाना लालसोट जिला दौसा, गिरिराज मीणा (30) निवासी थली थाना आंधी जिला जयपुर ग्रामीण, योगेन्द्र जाट (27) निवासी टोहिला थाना लखनपुर जिला भरतपुर, राजेश मीणा (26) निवासी हीरापुर थाना कोट जिला जयपुर ग्रामीण, सांवलराम मीणा (28) निवासी हीरापुर थाना कोट जिला जयपुर ग्रामीण तथा मनीष सैनी (19) निवासी बागडोली थाना बोली जिला सवाईमाधोपुर शामिल है। इनके अलावा भरत चौधरी को भी हिरासत में लिया गया है।