Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 491 -
होम ब्लॉग पेज 491

प्रदेश में कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर रही विफल : वसुंधरा राजे

झुंझुनूं। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल रही है।

भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में भाग लेने झुंझुनूं आई राजे ने कहा कि प्रदेश में महिलाएं-बच्चियां खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। प्रदेश की आर्थिक हालात जर्जर हो चुकी है। हर जगह लूट-खसोट मची है।

उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले घोषणा पत्र में प्रदेश की जनता से किए वादे अभी भी अधूरे हैं। बिजली के नाम पर आमजन को लूटा जा रहा है। झूठी वीसीआर भरकर परेशान किया जा रहा है। प्रदेश के लोग बिजली के संकट से जूझ रहे हैं। कृषि एवं घरों में दी जाने वाली बिजली में कटौती कर दी गई।

उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में कुम्भाराम योजना के तहत झुंझुनूं जिले के कई इलाकों में पानी पहुंचाया गया था। उसको आगे ले जाने की जरूरत थी, लेकिन कांग्रेस सरकार यह नहीं कर पाई।

झुंझुनू में शहीदों की याद में बनाए गए शौर्य उद्यान का काम भी आज तक पूरा नहीं हो पाया। जबकि भाजपा के कार्यकाल में करीब करीब काम हो चुका था। थोडा बहुत काम बाकी था वो भी कांग्रेस चार साल मे भी नही कर पाई।

विस्फोट से क्षतिग्रस्त उदयपुर-अहमदाबाद रेल मार्ग दुरुस्त

जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर रेल मंडल में उदयपुर-अहमदाबाद रेल मार्ग पर केवड़ा की नाल स्थित ओढ़ा रेलवे पुल पर विस्फोट की घटना के बाद पटरी क्षतिग्रस्त होने से अवरुद्ध रेल मार्ग को दुरुस्त कर दिया गया है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के आधिकारिक सूत्रों ने आज सुबह बताया कि विस्फोट कर पटरी क्षतिग्रस्त करने के मामले की जांच करने आए आतंकवादी निरोधक दल (एटीएस) द्वारा रविवार देर रात करीब ग्यारह बजे रेलवे को साइट क्लीयरेंस दे देने के बाद रेलवे ने त्वरित कार्यवाही करते हुए लगभग तीन बजे रेलवे ट्रेक को दुरुस्त कर दिया।

सूत्रों ने बताया कि अब इस मार्ग पर रेल संचालन शुरू कर दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि शनिवार रात किसी ने विस्फोट कर पटरी उड़ाने का प्रयास करने का मामला सामने आने के बाद इस मार्ग पर रेल संचालन बंद कर दिया गया था।

सबगुरु राशिफल : 14 नवम्बर सोमवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। मार्गशीर्ष मास, कृष्ण पक्ष, षष्ठी तिथि, वार सोमवार, सम्वत 2079, हेमंत ऋतु, रवि दक्षिणायन, सुबह 03.24 बजे बाद सप्तमी तिथि प्रारम्भ।

मेष :- आज मानसिक शांति तो रहेगी, लेकिन स्वभाव में चिड़चिड़ापन भी रहेगा। जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा। शैक्षिक कार्यों में सफलता मिलेगी। आपसी मतभेदों को दूर करने का प्रयास करें। आज आप देखेंगे कि आपके प्रयासों से मतभेद कम हो रहे हैं तथा आपसी प्रेम अपनी चरम सीमा पर है। आपसी रिश्तों में सुधार आयेगा। आपकी सकारात्मक सोच और लगन आपको बड़ी आर्थिक सफलता दिलाएगी, जिसके आप हकदार भी हैं। मन पर नकारात्मक सोच का प्रभाव हावी रह सकता है। आप किसी खेल-कूद की प्रतिस्पर्धा में भाग ले सकते हैं। संदिग्ध आर्थिक लेन-देन से सावधान रहें।

वृषभ :- आज अटके हुए कार्य बन सकते हैं। वित्तीय स्थिति में सुधार भी संभव है। निजी संबंध सहायक रह सकते हैं। आय से अधिक धन व्यय होगा। कोर्ट कचहरी के मामलों में सावधानी रखें। निवेश लाभकारी साबित हो सकता है। मित्रों के साथ मौज मस्ती में समय बीतेगा। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। दिन प्रसन्नता पूर्वक बीतेगा। एजुकेशन में सार्थक परिणाम मिल सकते हैं। अपनी भावनाओं को दबाएं और छुपाएं नहीं। अपने जज़्बात दूसरों के साथ साझा करने से फायदा मिलेगा। प्राप्त हुआ धन आपकी उम्मीद के मुताबिक नहीं होगा। बच्चे भविष्य की योजनाएं बनाने की अपेक्षा समय बिताकर आपको निराश कर सकते हैं।

मिथुन :- आज अचानक आय वृद्धि के स्रोत विकसित हो सकते हैं। नौकरी में अफसरों से मतभेद रहेंगे। साहस, पराक्रम और आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। आज का दिन आपको कई नए अनुभव दे कर जाएगा। यदि आपकी आर्थिक स्थिति की बात करें तो शेयर बाजार में पैसे लगाना मुनाफे का सौदा होगा, समय इसकी गवाही दे रहा है। कारोबार के विस्तार के लिए लोन की आवश्यकता पड़ सकती है। आय बढ़ने से मन प्रसन्न रहेगा। भौतिक सुख-साधन आसानी से जुटा लेंगे। रोजगार संबंधी समस्या हल होगी। वाद-विवाद की संभावना है।

कर्क :- आज व्यस्तता के बावजूद प्रसन्न रहेंगे। पार्टनर से नोकझोंक संभव है। आर्थिक क्षेत्र में उन्नति हो सकती है। परिवार में सुख-शांति व धार्मिक माहौल बना रह सकता है। आपके दिल-दिमाग में एक से ज्यादा विचार एक साथ चलते रहेंगे। शादीशुदा लोगों की लाइफ में प्यार बढ़ेगा। संबंधों में मजबूती भी आएगी। बस अपने लाइफ पार्टनर की कुछ आदतों को लेकर सावधान रहें। खरीदारी में फायदे के सौदे हो सकते हैं। सरकारी कार्य गति पकड सकते हैं। सेहत बेहतर रहेगी। क्रोध व आवेश पर नियंत्रण रखें। नौकरी में अधिकारी प्रसन्न रहेंगे। परिवार में हंसी-खुशी का माहौल रहेगा। तनाव दूर करने के लिए परिवार वालों की मदद लें। वाणी माधुर्य का लाभ मिलेगा।

सिंह :- आज आप धार्मिक क्रियाकलापों में भाग लेंगे। खानपान में रुचि बढ़ेगी। कारोबार में लाभ की स्थितियां निर्मित होंगी। व्यावसायिक यात्रा सफल होगी। संतान की ओर से चिंतामुक्त होंगे। आपके कानूनी कामों में गति आएगी। आय के साधन बनाने के प्रयास सफल होंगे। किसी विशेष व्यक्ति से मुलाकात लाभदायक हो सकती है। दूसरों को खुशियाँ देकर और पुरानी गलतियों को भुलाकर आप जीवन को सार्थक बनाएंगे। तब तक कोई वादा न करें, जब तक कि आप पूरी तरह उसे पूरा करने में सक्षम न हों। आप चाहें तो परेशानियों को मुस्कुराकर दरकिनार कर सकते हैं या उनमें फँसकर परेशान हो सकते हैं।

कन्या :- आज का दिन आपके लिए क्रियाशील रह सकता है। समय आत्मबल और साहस में वृद्घि के संकेत दे रहा है। विरोधी शांत रह सकते है। कार्य क्षेत्र में सफलता से खुशी मिल सकती है। स्वजनों का अपेक्षित सहयोग प्राप्त हो सकता है। पारिवारिक जीवन सुखद रहेगा। व्यापार में उतार-चढ़ाव रहेगा। नौकरी में उच्चाधिकारी अधिक कार्य भार दे सकते हैं। धार्मिक व समाज के कार्यों में व्यस्तता बढ़ेगी। पत्नी से मनमुटाव हो सकता है। आर्थिक तौर पर बेहतरी के चलते आपके लिए जरूरी चीज़ें खरीदना आसान होगा। किसी दूर के रिश्तेदार से अचानक मिली खबर आपका दिन बना सकती है।

तुला :- आज मन अशांत रहेगा। जीवनसाथी से मतभेद बढ़ सकते हैं। पिता को स्वास्थ्य विकार रहेंगे। शैक्षिक कार्यों के सुखद परिणाम मिलेंगे। आज आपको किसी सलाहकार को अपने मार्ग दर्शन के लिए बुलाना चाहिए। आप शायद अपनी जिंदगी को लेकर कुछ दुविधा में हैं या फिर किसी खास परिस्थिति से बाहर नहीं निकल पा रहे है। व्यापार में धोखाधड़ी हो सकती है। पत्नी की भावनाओं का सम्मान करें। आपका कोई बड़ा शायद आपको सही सलाह दे पाएगा जिससे आपको लाभ होगा। कोर्ट-कचहरी के काम हाथ में लेने पर कामयाबी मिलेगी।

वृश्चिक :- आज के दिन आप विचारों को गतिशीलता से दुविधा का अनुभव करेंगे। इस वजह से किसी भी निर्णय लेने में परेशानी होगी। किसी एक निर्णय पर नहीं आ सकेंगे। आज का दिन आपके लिए नौकरी-धंधे के क्षेत्र में स्पर्धा युक्त रहेगा और उससे बाहर आने की कोशिश करते रहेंगे। मानसिक परेशानियों में कुछ कमी आ सकती है तथा आज प्रसन्न रह सकते हैं। विरोधियों का प्रभाव कम हो सकता है। अटके कार्य पूर्ण हो सकते हैं। व्यवसायिक लाभ के भी योग बन रहे हैं। धार्मिक कार्यों में श्रद्धा बढ़ सकती है। वाहन चलाने में सावधानी रखें। समाज में सम्मान प्राप्त होगा। मेहमान का आगमन मन को प्रसन्नता देगा।

धनु :- आज आप दुविधा में रहेंगे। आपका दुविधापूर्ण व्यवहार आपको मुश्किल में डाल सकता है। अपने जिद्दी स्वभाव को आज त्याग दें, नहीं तो किसी के साथ विवाद होने की संभावना है। आज बनाए हुए प्रवास की योजना को रद्द करने की स्थिति आएगी। कोई बड़ा आर्थिक फैसला लेने से पहले दो बार सोचें। किसी बड़े बुजुर्ग की सलाह बड़े काम की होगी। यदि कोई बड़ी योजना शुरू करने की सोच रहे हैं तो थोड़ा रुक जाइये, सही वक्त आने दें। आज का दिन आपके लिए अच्छा है। अपने आर्थिक लक्ष्य को मजबूत करने के लिए आपको सही दिशा अपनाने की जरूरत है। अपना लक्ष्य तय करें और उसे पाने में दिन रात एक कर दें।

मकर :- आज आपकी बौद्धिक क्षमताएं आपको कमियों से लड़ने में सहायता करेंगी। तन-मन की ताजगी के अनुभव के साथ आज की शुरुआत होगी। दोस्तों तथा परिवार के लोगों के साथ आपको मनपसंद खाना खाने का अवसर मिल सकता है। आज आपके बॉस का बढ़िया मिजाज पूरे कार्यालय के माहौल को अच्छा बना देगा। मौज-मस्ती का अवसर मिलेगा। जीवनसाथी से वाद-विवाद हो सकता है, लेकिन आखिर में सब ठीक हो जाएगा। आपकी सैलरी में वृद्धि के योग बन रहे हैं। अगर आप अपने वाणी में मिठास और व्यवहार अच्छा रखेंगे तो सब आपके फेवर में ही होगा।

कुंभ :- आज मानसिक शांति रहेगी। परिवार में भी सुख-शांति रहेगी। नौकरी में स्थान परिवर्तन के योग बन रहे हैं। मित्रों का सहयोग मिलेगा। आज आप घर और ऑफिस दोनों स्थानों पर शान्तिपूर्ण माहौल बनाने की कोशिश करेंगेǀ जरूरतमंद की मदद करेंगे। जीवन में सार्थकता की तलाश में योग, अध्यात्म और धार्मिक गतिविधियों को समय दे सकते हैं। शुभ समाचार मिल सकता है। आपका यह अनुभव मजेदार रहेगा और आप इससे प्रेरित भी होंगे। हालंकि अपनी निजी बातें किसी के साथ भी ना बाँटें और कोई भी कडवा पाठ सीखने के लिए भी खुद को तैयार रखें।

मीन :- आज किसी मित्र के सहयोग से लाभ हो सकता है। परिश्रम की अधिकता रहेगी। आज ज्यादा खर्च का दिन है। परिवार का वातावरण भी ज्यादा अच्छा नहीं होगा। कुटुंब के लोगों के साथ मतभेद के प्रसंग खड़े होंगे। मन में अनेक प्रकार की अनिश्चितता के कारण मानसिक बेचैनी रहेगी। मन दुविधायुक्त रहेगा। बोलने पर संयम रखें। माता-पिता से आर्थिक सहयोग भी मिल सकता है। अपने घर के वातावरण में कुछ बदलाव करने से पहले आपको सभी की राय जानने की कोशिश करनी चाहिए। आज आपको निराशा हाथ लग सकती है।

ट्विटर में कर्मचारियों की बड़े पैमाने पर छंटनी के बाद ठेका श्रमिकों पर गिरी गाज

वाशिंगटन। ट्विटर के नए मालिक एलन मस्क ने बड़े पैमाने पर की जा रही छंटनी के तहत ठेका श्रमिकों को निकालना शुरू कर दिया है। एक्सियोस न्यूज वेबसाइट ने सूत्रों के हवाले से अपनी रिपोर्ट में यह जानकारी दी है।

वाशिंगटन पोस्ट ने अक्टूबर के अंत में अपनी बताया था कि मस्क ने कंपनी का अधिग्रहण करने के बाद छंटनी के शुरुआती दौर में 25 प्रतिशत कर्मचारियों को निकालने की योजना बनाई है। इससे पहले, मीडिया संस्थान ने कॉर्पोरेट दस्तावेजों का हवाला देते हुए बताया था कि उद्यमी का इरादा 75 प्रतिशत कर्मचारियों को निकालने का है, लेकिन मस्क ने इन खबरों का खंडन किया था।

एक्सियोस की रिपोर्ट में कहा गया है कि ट्विटर ने अपने कुछ अनुबंध कर्मचारियों को भी हटा दिया है, जो कंटेंट मॉडरेशन सहित विभिन्न क्षेत्रों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। एक्सियोस के अनुसार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ने ऐसे कई पूर्णकालिक कर्मचारियों को निकाल दिया है, जिन्होंने जिन्होंने टाइम कार्ड पर हस्ताक्षर किए, इसलिए ठेकेदारों को अपना अंतिम वेतन प्राप्त करने की चिंता सता रही है।

समाचार पोर्टल ने बताया है कि कंपनी बड़े पैमाने पर छंटनी के बाद अपने पूर्व कर्मचारियों को फिर से काम पर रखने की कोशिश कर रही है, क्योंकि यह महसूस किया गया है कि उनके कौशल महत्वपूर्ण है।

भाजपा तीन चौथाई बहुमत से सरकार बनाएगी : सतीश पूनियां

झुंझुनूं। राजस्थान के भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डा सतीश पूनियां ने कांग्रेस पर जोड़ने का पाखंड करने का आरोप लगाते हुए दावा किया है कि भाजपा एवं इसके विचार वास्तविक रूप से जोड़ने का काम करते हैं और अगले वर्ष विधानसभा चुनाव में भाजपा तीन चौथाई बहुमत से सरकार बनाएगी।

पूनियां झुंझुनूं के चुड़ैला गांव में हुई भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में अध्यक्षीय उद्बोधन में रविवार को यह बात कही। उन्होंने कहा कि हम, हमारे नेता, हमारा संगठन और हमारा विचार वास्तविक रूप से जोड़ने का काम करते हैं। इसलिए झुंझुनूं की इस पुरुषार्थी धरती पर हम लोग आए हैं। जबकि कांग्रेस के लोग जोड़ने का पाखंड करते हैं।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में हमेशा के लिए राजस्थान में भाजपा की विजय का आगाज कार्यकर्ताओं के परिश्रम से होगा, क्योंकि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता एक योद्धा बनकर प्रदेश की अराजक कांग्रेस सरकार से लड़ रहा है। प्रदेश के 52 हजार बूथों में से 48 हजार बूथों पर फोटोयुक्त बूथ समिति का गठन पूर्ण हो चुका है और अगले वर्ष विधानसभा चुनाव में भाजपा तीन चौथाई बहुमत हासिल कर सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए प्रदेश का हर एक भाजपा कार्यकर्ता पूरी मेहनत कर रहा है। हमारा संगठन पूरी तरह सक्रियता से काम कर रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोग अब नई भूमिका की प्रतीक्षा कर रहे है। आज हमारे सामने सबसे गंभीर परीक्षा है। गत चार वर्षों में व्याप्त अराजकता, भ्रष्टाचार व अकर्मण्यता में आकंठ निमग्न कांग्रेस सरकार ने प्रदेश को गहरी निराशा व जनसामान्य को आक्रोश से भर दिया है।

पूनियां ने कहा कि घोषणाएं करना और योजनाएं लाना लोकतंत्र में हर राजनीतिक दल का दायित्व है। राजधर्म कहता है कि ये घोषणाएं खोखली न होकर पूरी हों। राजधर्म कहता है कि ये जनहित के लिए हों, राजहित के लिए नहीं। यह वर्तमान कांग्रेस सरकार की व्यवस्था की सबसे गंभीर त्रासदी है कि वह दोनों ही में और दोनों ही से बस स्वार्थ साध रहा है। कांग्रेस सरकार ने जितने बड़े उद्घोष के साथ योजनाएं लागू कीं, उससे भी बड़े स्वार्थ के साथ भ्रष्टाचार किया।

पूनियां ने स्वीकार करते हुए कहा कि कुछ उपचुनावों में हमारी कुछ रणनीतिक कमजोरी तथा सहानुभूति की लहर के कारण कांग्रेस को बोलने का अवसर जरूर मिला। लेकिन हमने उसकी भरपाई पंचायती राज विशेषकर जिला परिषद में बहुमत हासिल करके पूरी कर ली और पहली बार किसी विपक्षी दल (भाजपा) के 33 में से 19 जिला प्रमुख बने।

राजस्थानी भाषा को मान्यता दिलाने के लिए शीघ्र होगी एक बैठक : अशोक गहलोत

जोधपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केन्द्र सरकार पर राजस्थानी भाषा को मान्यता दिलाने में नकारात्मक रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा है कि इस कारण अभी तक इसे मान्यता नहीं मिल सकी हैं लेकिन इस भाषा को मान्यता दिलाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए जल्द ही राज्य में एक बैठक आयोजित की जाएगी।

गहलोत ने रविवार को यहां दैनिक जलतेदीप तथा मासिक माणक पत्रिका के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित माणक अलंकरण समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही।

उन्होंने राजस्थानी भाषा को मान्यता दिलाने के लिए किए जा रहे प्रयासों में समाचार पत्रों का अह्म योगदान बताते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा राजस्थानी भाषा को आठवीं अनुसूची में शामिल कराने के लिए प्रस्ताव पारित किया गया। केन्द्र सरकार के नकारात्मक रवैये के कारण अभी तक राजस्थानी भाषा को मान्यता नहीं मिल सकी है। जल्द ही राजस्थानी भाषा को मान्यता दिलाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए एक बैठक आयोजित की जाएगी।

गहलोत ने कहा कि विविधताओं से परिपूर्ण हमारे देश में अभिव्यक्ति की आजादी का स्थान महत्वपूर्ण है। असहमति जताने के अधिकार को संरक्षित करने से ही लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने तथ्यात्मक आलोचना का हमेशा स्वागत किया है। परन्तु वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में अभिव्यक्ति का अधिकार लगातार कमजोर किया जा रहा है।

सामूहिक दुष्कर्म मामला : केरल में सर्कल इंस्पेक्टर अरेस्ट

कोझिकोड। केरल पुलिस ने कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म के मामले में बेपोर तटीय थाने से जुड़े एक सर्कल इंस्पेक्टर (स्टेशन हाउस ऑफिसर) को रविवार को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार उसने तीसरे आरोपी के रूप में कोच्चि के मराडू के सुनु पीआर को गिरफ्तार किया। यह उन छह लोगों में से एक है, जिनके खिलाफ थ्रिक्करा थाने में मामला दर्ज है।

पुलिस ने मामले की जानकारी सबसे पहले फेरोक के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) को दी और बेपोर तटीय थाने से सुनू को हिरासत में लेकर सुबह त्रिक्काकारा ले गई।

पुलिस ने बताया कि मई 2022 के दौरान महिला के पति को नौकरी के घोटाले में जेल में बंद करने की धमकी देने के बाद इस वारदात को पहले उसके घर पर और बाद में कदवंतरा में अंजाम दिया गया।

अजमेर जिले के सभी थानों में प्रतिदिन डेढ़ घंटे सुनवाई करने के निर्देश

0

अजमेर। राजस्थान में अजमेर के जिला पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट ने जिले में एक नये नवाचार के तहत सभी थानों पर परिवादियों की शिकायतों को प्रतिदिन नियमित डेढ़ घंटे सुनवाई करने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश के मुताबिक जिले के सभी थाना अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने अपने थाने में दोपहर बारह से डेढ़ बजे तक स्वयं उपस्थित रहकर थाने पर आने वाले परिवादी, शिकायतकर्ता, आगंतुक की सुनवाई करेंगे तथा प्राप्त शिकायत पर कानूनी कार्यवाही के जरिए त्वरित राहत का मार्ग प्रशस्त करेंगे।

उन्होंने 14 नवंबर से उक्त शिकायतों के लिए एक प्रथक रजिस्टर संधारण करने का निर्देश दिया है जिसमें पंजीकृत विवरण की सूचना प्रतिदिन पुलिस अधीक्षक कार्यालय को प्रेषित करनी होगी।

आदेशों में इस सुनवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखकर काम करने के निर्देश हैं और बारह से डेढ़ के बीच संबंधित थाना अधिकारी कहीं नहीं जाएंगे और थाने पर रहकर ही आगंतुक परिवादी की शिकायत लेकर उसका रजिस्टर में इंद्रराज करेंगे तथा अगले दिन प्रातः ही पुलिस अधीक्षक को सूचित करेंगे।

इंदौर : माता-पिता के साथ सो रही 9 साल की बच्ची का उठा ले गया दरिंदा, रेप

इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर शहर के राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र में अपने माता-पिता के साथ सो रही 9 साल की एक बच्ची को एक बदमाश सोते समय उठा ले गया और बाद में उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद फरार आरोपी को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार शहर के अमितेषनगर की एक इमारत में रहने वाले चौकीदार दंपती की नौ वर्ष की एक बच्ची को एक बदमाश सोते समय उठा ले गया और इमारत से कुछ दूरी पर एक सुनसान स्थान पर उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में उसे मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

घटना के बाद लड़की वापस अपने माता पिता के पास आई और घटना की जानकारी दी। इसके बाद मामले की शिकायत राजेन्द्रनगर थाना पुलिस से की गई, जिस पर पुलिस में मामला दर्ज कर आरोपी चंदन (32) को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने बताया कि पीडित लड़की का पिता इमारत में चौकीदारी करता है और वहीं अपने परिवार के साथ रहता है। शुक्रवार रात्रि वह अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ सो रहा था। इसी बीच आरोपी वहां आया और लड़की का मुंह दबा अपने साथ ले गया और सुनसान स्थान पर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी दुष्कर्म के एक मामले में जेल में बंद था तथा हालांकि में रिहा होकर आया था।

मराठी टीवी सीरियल एक्ट्रेस कल्याणी की दुर्घटना में मौत

सांगली। प्रसिद्ध मराठी टीवी धारावाहिक ‘तुझयात जीवन रंगला’ फेम अभिनेत्री कल्याणी कुर्ले-जाधव की रविवार सुबह सांगली में कोल्हापुर-सांगली राष्ट्रीय राजमार्ग मार्ग पर हलौंदी फाटा में हुई एक दुर्घटना में मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक मृतक अभिनेत्री कल्याणी ने हाल ही में हलौंदी फाटा में ‘प्रेमाची भाकरी’ नाम से एक होटल शुरू किया था। वह अपने होटल से आ रही थी तभी एक तेज रफ्तार डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। इस घटना में कल्याणी की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है।