Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 495 -
होम ब्लॉग पेज 495

नसीराबाद नगरपालिका उपचुनाव में भाजपा की अनीता बनी पालिकाध्यक्ष

अजमेर। राजस्थान में अजमेर जिले की नसीराबाद नगरपालिका के अध्यक्ष पद उपचुनाव के लिए हुए मतदान में भारतीय जनता पार्टी की अनीता मित्तल ने गुरुवार को जीत हासिल की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मित्तल ने कांग्रेस की ऋटुका सोनी को दो मतों से हराया। उपचुनाव में अनीता मित्तल को 10 तथा ऋटुका सोनी को आठ वोट मिले। बीस पार्षदों वाली नगरपालिका में मतदान में 18 पार्षदों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। निर्वाचन अधिकारी अंशुल आमेरिया ने अम्बेडकर भवन में मतगणना के बाद निर्वाचन की घोषणा की।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले नगरपालिका अध्यक्ष रही शारदा गोमा (मेड़तवाल) के अविश्वास प्रस्ताव के बाद पद से हट जाने के बाद रिक्त हुए अध्यक्ष के पद पर यह उपचुनाव कराया गया।

जयपुर नगर निगम ग्रेटर के महापौर उपचुनाव की प्रक्रिया पर रोक

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में नगर निगम ग्रेटर के महापौर के उपचुनाव के लिए गुरुवार को मतदान हुआ लेकिन हाईकोर्ट के राज्य सरकार के मेयर सौम्या गुर्जर को बर्खास्त करने के आदेश को रद्द करने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने उपचुनाव प्रक्रिया को रोक दिया है।

इस संबंध में जारी किए निर्वाचन आयोग ने अपने आदेश में कहा कि उच्च न्यायालय द्वारा राज्य सरकार के गुर्जर को महापौर पद से हटाए जाने के जारी आदेश को अपास्त कर दिया गया हैं।

इस स्थिति के मद्देनजर अधिवक्ता ने निर्वाचन विभाग से नगर निगम ग्रेटर के महापौर पद के लिए आयोग द्वारा करवाए जा रहे उपचुनाव को रोकने का निवेदन किया हैं। चूंकि न्यायालय के आदेश की अभी कॉपी प्राप्त नहीं हुई हैं, अत: उपचुनाव प्रक्रिया को तुरंत रोक दिया जाए। कॉपी प्राप्त होने पर अगली कार्रवाई की जाएगी।

इसके बाद चुनाव प्रक्रिया को रोक दिया गया। हालांकि उपचुनाव के लिए सुबह दस बजे मतदान शुरु हुआ और इस दौरान 146 पार्षदों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इससे पहले भाजपा और कांग्रेस दोनों प्रमुख दलों के पार्षदों को बाड़ेबंदी से बसों से मतदान केन्द्र लाया गया और मतदान सम्पन्न हुआ।

उपचुनाव में भाजपा की उम्मीदवार रश्मी सैनी और कांग्रेस से हेमा सिंघानियां चुनाव मैदान में थी। 150 पार्षद वाले नगर निगम ग्रेटर में भाजपा 85 एवं कांग्रेस के 49 एवं 12 निर्दलीय पार्षद है जबकि चार पार्षदों निलंबित होने से चार पद रिक्त हैं।

मेटा ने की 11 हजार से अधिक कर्मचारियों की छंटनी

मेनलो पार्क। सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के आधिपत्य वाली कंपनी मेटा ने नौकरियों में कटौती करना शुरू कर दिया है और अब तक 11 हजार से अधिक कर्मचारियों की छंटनी की जा चुकी है।

वर्ष 2004 में मार्क जुकरबर्ग ने फेसबुक की स्थापना की थी जिसके बाद सिलिकान वैली कंपनी ने लगातार कर्मचारियों की भर्ती कर रही थी, लेकिन अब कंपनी ने अपने कार्यबल को 13 फीसदी तक कम कर दिया। बुधवार को मेटा ने नौकरियों में कटौती करना शुरू कर दिया है।

न्यूयार्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार मेटा ने कहा कि वह 11 हजार से अधिक कर्मचारी या अपने कार्यबल के लगभग 13 प्रतिशत की छंटनी कर रही है। छंटनी विभागों और क्षेत्रों में की गई है। इस मामले की जानकारी रखने वाले दो लोगों ने कहा कि जिन डिवीजनों में तेजी से कटौती नहीं की गई, उनमें मेटावर्स से संबंधित परियोजनाओं पर काम करने वाले इंजीनियर शामिल हैं।

जुकरबर्ग ने कर्मचारियों को लिखे एक पत्र में कहा कि मैं इन फैसलों के लिए और हम यहां कैसे पहुंचे, इसके लिए जवाबदेही लेना चाहता हूं। मुझे पता है कि यह सभी के लिए कठिन है और मुझे विशेष रूप से प्रभावित लोगों के लिए खेद है।

रिपोर्ट के अनुसार मेटा ने हाल के वर्षों में इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप जैसी कंपनियों को खरीदा। पिछले साल एक समय में मेटा के पास एक ट्रिलियन डालर का राजस्व था मगर कंपनी ने इस साल वित्तीय रूप से संघर्ष किया है। वैश्विक आर्थिक मंदी और डिजिटल विज्ञापन में गिरावट इसका मुख्य कारक रहा।

इस बीच टिकटॉक जैसे नए एप ने युवाओं को खासा आकर्षित किया जबकि मेटा की सेवाओं के प्रति आकर्षण फीका पड़ा। पिछले महीने, मेटा ने तिमाही मुनाफे में 50 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई वहीं इसके खर्च में 19 प्रतिशत की वृद्धि हुई।

खरगोन : अश्लील फोटो के सहारे रेप के मामले में आरोपी अरेस्ट

खरगोन। मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के कसरावद में कथित तौर पर अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर कई बार दुष्कर्म करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

खरगोन के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह पवार ने बताया कि आरोपी हमीद को गिरफ्तार कर कल न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

उन्होंने विवाहित महिला की शिकायत के आधार पर बताया कि आरोपी ने बहला-फुसलाकर उसके अश्लील फोटो खींच लिए थे और फोटो वायरल करने की धमकी देकर करीब 2 माह से लगातार दुष्कर्म कर रहा था। उन्होंने बताया कि मोबाइल फोन को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

ट्रेन से टकराकर मृत व्यक्ति की पहचान हुई

खरगोन जिले के बड़वाह में ट्रेन से टकराकर मृत हुए व्यक्ति की शिनाख्त हो गई है। बड़वाह पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक की शिनाख्त आज उसके परिजनों ने 65 वर्षीय कमल वर्मा निवासी सिरलाई के रूप में की है।

आज उसके शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। कमल वर्मा करीब 15 वर्षों से इंदौर में काम कर रहा था और कुछ दिन पहले घर लौटा था। उसकी सनावद महू ट्रेन से टक्कर हो जाने के चलते 8 नवंबर को मृत्यु हो गई थी।

T20 विश्व कप : भारत को रौंदकर फाइनल में पहुंची इंग्लैंड की टीम

एडिलेड। इंग्लैंड ने एलेक्स हेल्स (86 नाबाद) और जॉस बटलर (80 नाबाद) के तूफानी अर्द्धशतकों की बदौलत गुरुवार को टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में भारत को 10 विकेट से रौंदकर पाकिस्तान के साथ फाइनल में जगह बनाई। भारत ने इंग्लैंड को 169 रन का लक्ष्य दिया, जिसे बटलर-हेल्स की जोड़ी ने चार ओवर रहते हुए हासिल कर लिया।

पहले विकेट के लिए 170 रन की नाबाद साझेदारी में एलेक्स हेल्स ने 47 गेंदों पर चार चौकों और सात छक्कों की मदद से नाबाद 86 रन बनाए जबकि कप्तान बटलर ने 49 गेंदों पर नौ चौके और तीन छक्के लगाकर 80 रन की अजेय पारी खेली।

हार्दिक पांड्या ने भारत को 168 रन के चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाने के लिए 33 गेंदों पर चार चौकों और पांच छक्कों की मदद से 63 रन की विस्फोटक पारी खेली थी, लेकिन बटलर-हेल्स की जोड़ी ने हार्दिक की मेहनत पर पानी फेर दिया।

इंग्लैंड और पाकिस्तान दोनों मेलबर्न में रविवार को होने वाले फाइनल में दूसरी बार टी20 विश्व कप खिताब जीतने के लिए अपनी दावेदारी पेश करेंगे। इंग्लैंड ने इससे पहले 2010 में यह खिताब जीता था जबकि टी20 विश्व कप 2016 के फाइनल में उन्हें वेस्ट इंडीज के हाथों हार मिली थी।

दूसरी ओर, पाकिस्तान ने 2009 में टी20 विश्व कप की ट्रॉफी उठाई थी और यह उनका दूसरा फाइनल है। पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच एकदिवसीय विश्व कप 1992 का फाइनल भी इंग्लैंड में खेला गया था जहां इमरान खान की टीम ने इंग्लैंड को मात देकर ट्रॉफी उठाई थी। बटलर और हेल्स की जोड़ी ने 169 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए विस्फोटक शुरुआत की। दोनों ने पावरप्ले में इंग्लैंड के लिये 63 रन जोड़े जबकि भारत इस दौरान एक विकेट के नुकसान पर 38 रन ही बना सका था।

बटलर-हेल्स ने विस्फोटक शुरुआत को बड़े स्कोर में बदलते हुए 11वें ओवर में 100 रन का आंकड़ा छुआ, जबकि 16वें ओवर की आखिरी गेंद पर बटलर ने छक्का लगाकर इंग्लैंड को फाइनल में पहुंचाया।

यह (170 नाबाद) टी20 विश्व कप की सबसे बड़ी, जबकि टी20 अंतरराष्ट्रीय में इंग्लैंड की दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है। इसके अलावा यह भारत के खिलाफ पहले विकेट के लिये सबसे बड़ी साझेदारी है। इससे पहले बाबर आज़म और मोहम्मद रिज़वान ने टी20 विश्व कप 2021 में 152 रन की अजेय साझेदारी करके पाकिस्तान को भारत पर जीत दिलाई थी।

अक्षर पटेल (चार ओवर, 30 रन) और अर्शदीप सिंह (दो ओवर, 15 रन) के अलावा कोई भी भारतीय गेंदबाज रनों पर लगाम नहीं लगा सका। रविचंद्रन अश्विन ने दो ओवर में 27 रन दिये, जबकि मोहम्मद शमी ने तीन ओवर में 39 रन लुटाए। भुवनेश्वर कुमार को दो ओवर में 25 रन पड़े और हार्दिक पांड्या ने तीन ओवर में 34 रन दिए।

इससे पूर्व, भारत ने हार्दिक पांड्या की 61 रनों की विस्फोटक पारी के दम पर 168 रन बनाये। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर भारत को बल्लेबाजी के लिये बुलाया और दूसरे ही ओवर में केएल राहुल को आउट कर दिया। रोहित शर्मा ने कोहली के साथ दूसरे विकेेट के लिये 47 रन जोड़े लेकिन वह 28 गेंदों पर 27 रन ही बना सके। आदिल रशीद ने भारत की मुश्किलें बढ़ाते हुए रनगति पर लगाम लगाई और सूर्यकुमार यादव (14) का बहुमूल्य विकेट ले लिया।

भारत ने 14 ओवर में सिर्फ 90 रन पर तीन विकेट गंवा दिये थे और उन्हें चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचने के लिये विस्फोटक साझेदारी की जरूरत थी। कोहली और पांड्या ने भारत को वह साझेदारी देते हुए 40 गेंदों पर 61 रन जोड़े। कोहली हालांकि 40 गेंदों पर एक छक्के और चार चौकों की मदद से 50 रन बनाकर 18वें ओवर में आउट हो गए। कोहली टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहली बार आउट हुए और उनका विकेट क्रिस जॉर्डन ने लिया।

कोहली का विकेट गिरने के बाद भी पांड्या नहीं रुके। उन्होंने 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर चौका जड़कर 29 गेंदों में अपना अर्द्धशतक पूरा किया, जबकि आखिरी ओवर में क्रिस जॉर्डन को एक चौका और एक छक्का लगाकर भारत को 20 ओवर में 168/6 के स्कोर तक पहुंचाया। इंग्लैंड के लिए जॉर्डन ने चार ओवर में 43 रन देकर सर्वाधिक तीन विकेट लिये, जबकि क्रिस वोक्स और आदिल रशीद को एक-एक विकेट हासिल हुआ।

पिंडवाड़ा नगरपालिका अध्यक्ष उपचुनाव में निर्दलीय सुरेन्द्र मेवाड़ा जीते

सिरोही। राजस्थान में सिरोही जिले की पिंडवाड़ा नगरपालिका में अध्यक्ष के लिए आज हुए उपचुनाव में निर्दलीय सुरेन्द्र मेवाड़ा ने जीत हासिल की।

25 वार्डों वाली पिंडवाड़ा नगरपालिका उपचुनाव में 24 पार्षदों ने आज मतदान किया। निर्दलीय श्री मेवाड़ा को 17, भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी नीता चौहान को चार जबकि कांग्रेस प्रत्याशी चेलाराम देवासी को तीन वोट मिले।

उच्च न्यायालय में मामला विचाराधीन होने के कारण वार्ड नम्बर छह के पार्षद जीतेन्द्र प्रजापत ने मतदान नहीं किया। गौरतलब है कि 25 पार्षदों वाली इस नगर पालिका में भाजपा के 13, कांग्रेस के आठ एवं चार निर्दलीय पार्षद है।

गुणतिलाका पर आस्ट्रेलिया की युवती के साथ रेप के आरोप को लेकर श्रीलंका ने मांगी माफी

कोलम्बो। श्रीलंका के खेल मंत्री रोशन रानासिंघे ने दनुष्का गुणतिलाका के विरुद्ध लगे दुष्कर्म के आरोप को लेकर ऑस्ट्रेलिया की सरकार,वहां के लोगों, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) और पीड़ित युवती से माफी मांगी है।

अखबार डेली मिरर ने रानासिंघे के हवाले से कहा कि खेल मामलों के लिए जिम्मेदार मंत्री होने के नाते मैं माफी मांगता हूं। रानासिंघे ने कहा कि इस मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से होनी चाहिए और उनकी सरकार को श्रीलंका सरकार पूरा सहयोग करेगी।

रानासिंघे ने कहा कि मैं (मामले को लेकर) बहुत चिंतित हूं और अपने देश और इसके लोगों की ओर से आवश्यक कार्रवाई करने की जिम्मेदारी लूंगा।

उल्लेखनीय है कि गुणतिलाका को सिडनी में एक महिला के साथ रेप के आरोप में रविवार गिरफ्तार किया गया था। वह मांसपेशियों की चोट के कारण टी20 विश्व कप के पहले दौर से ही बाहर हो गए थे, लेकिन ऑस्ट्रेलिया में टीम के साथ बने रहे। ऑस्ट्रेलिया की एक अदालत ने सोमवार को गुणतिलाका की जमानत अर्जी खारिज कर दी थी।

मालदीव में आग से नौ भारतीय समेत दस लोगों की मौत

माले। मालदीव की राजधानी माले में विदेशी कामगारों की बस्ती में लगी आग से नौ भारतीयों समेत दस लोगों की मृत्यु हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

समाचार प्रसारक अल जज़ीरा ने बताया कि हॉलिडे डेस्टिनेशन के रूप में विख्यात घनी आबादी वाले माले में एक इमारत के भूतल में स्थित गैरेज में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।

आग पर काबू पाने में करीब चार घंटे तक कड़ी मशक्कत की गई। अधिकारियों ने बताया कि इमारत की ऊपरी मंजिल से 10 शव बरामद किए गए हैं। दमकल सेवा के एक अधिकारी ने कहा कि हमें 10 शव मिले हैं। आग बुझाने में उन्हें लगभग चार घंटे लगे।

समाचार एजेंसी ने एक सुरक्षा अधिकारी के हवाले से बताया कि मृतकों में नौ भारतीय और एक बांग्लादेशी नागरिक शामिल हैं। मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह ने ट्वीट कर आग की घटना की जांच का आदेश दिए गए हैं।

मालदीव में हताहत भारतीयों की पहचान की जा रही है: भारत

भारत ने मालदीव की राजधानी के एक होटल में आग लगने की घटना में कुछ भारतीयों की मौत की पुष्टि करते हुए गुरुवार को कहा कि भारतीय उच्चायोग दुर्घटना के कारणों की जांच और हताहतों की पहचान में मालदीव सरकार का सहयोग कर रहा है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने यहां नियमित ब्रीफिंग में सवालों के जवाब में कहा कि अभी तक इस दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चला है, लेकिन भारतीय उच्चायोग हताहतों की पहचान और घटना की जांच में सहयोग कर रहा है अब तक 10 शव मिलने का समाचार है। उच्चायोग हताहतों के परिजनों को भी हर प्रकार की सहायता प्रदान कर रहा है।

कतर में गिरफ्तार आठ पूर्व सैनिकों के बारे में एक सवाल पर बागची ने कहा कि हमारे दूतावास ने उनसे राजनयिक संपर्क स्थापित किया है। उनके परिजनों को भी दोहा ले जाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

गिरफ्तारी के कारणों के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा कि यह एक कानूनी मसला है, इस पर टिप्पणी नहीं की जा सकती है। कतर सरकार ही गिरफ्तारी के कारण बता सकती है। एक अन्य सवाल पर उन्होंने कहा कि भारत और कतर के बीच अच्छे रिश्ते हैं और ऐसी एक घटना से द्विपक्षीय संबंध प्रभावित नहीं होते हैं।

केन्या में लापता दो भारतीय अधिकारियों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि एक भारतीय टीम से नैरोबी की यात्रा करके वहां के अधिकारियों से मुलाकात और तहकीकात की है। हम स्थिति पर बारीकी से नज़र रखे हुए हैं।

इक्वीटोरियल गिनी में एक जहाज पर सवार कुछ भारतीयों सहित चालक दल के सदस्यों को पकड़े जाने के बारे में एक सवाल पर उन्होंने कहा कि नाईजीरिया की राजधानी आबुजा एवं गिनी स्थित भारतीय मिशन संबंधित सरकारों के संपर्क में हैं। जानकारी के अनुसार हिरासत में चालक दल में शामिल भारतीय एवं अन्य देशों के नागरिक गिनी में ही हैं।

अजमेर : कार चोर गिरोह के चार आरोपी अरेस्ट, 11 लग्जरी कारें बरामद

अजमेर। राजस्थान में अजमेर पुलिस ने आज अंतरराज्यीय कार चोरों के गिरोह चार आरोपियों को गिरफ्तार कर इनके पास से ग्यारह महंगी लग्जरी कारें भी बरामद की।

पुलिस महानिरीक्षक रुपिंदर सिंह ने आज आदर्श नगर थाना परिसर में बरामद ग्यारह लग्जरी कारों के साथ पत्रकारों को बताया कि पुलिस ने गिरोह से 11 लग्जरी कारें बरामद की है जो कि प्रदेश के विभिन्न जगहों से चुराई हुई है।

उन्होंने चोरी के हाईटेक तरीके का खुलासा करते हुए कहा कि चोर हाईटेक चाइनीज डिवाइस सॉफ्टवेयर के जरिए कार की चिप बदल लिया करते थे और कार को चुरा लिया करते थे। बरामद कारें ह्युंडई कंपनी की है जिनमें सर्वाधिक क्रेटा बताई जा रही है। इनमें से कई कारें तस्करी व मादक पदार्थ परिवहन के काम में ली जाती है।

उन्होंने बताया कि अब तक 40 कारों के विषय में खुलासा हो चुका है जबकि गिरोह के सदस्यों ने सौ वारदातें करना स्वीकार किया है। सिंह ने मीडिया के समक्ष सॉफ्टवेयर डिवाइस के जरिए चिप बदलने के तकनीकी तरीके को भी डेमो के जरिए मीडिया के समक्ष प्रदर्शित कराया तथा कार निर्माता कंपनियों व कार मालिकों से सावधानी बरतने की अपील की।

मामले में पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है उनमें कुंजीलाल सवाई माधोपुर, विनोद कुमार दौसा, विमल कुमार एवं रामनिवास विश्नोई जोधपुर के है। पुलिस सभी से अनुसंधान में जुटी हुई है और अन्य कारों व वारदातों के विषय में पड़ताल कर रही है। इस अवसर पर जिला पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट भी मौजूद रहे।

हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस एकतरफा जीतेगी : अशोक गहलोत

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हिमाचल प्रदेश और गुजरात में कांग्रेस के प्रति अच्छा माहौल बताते हुए दावा किया है कि हिमाचल में तो कांग्रेस एकतरफा चुनाव जीतेगी।

गहलोत आज इंडिया स्टोन मार्ट-2022 के उद्घाटन के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि विधानसभा चुनाव में हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस का अच्छा माहौल है और वह एकतरफा चुनाव जीत रही है। गुजरात में भी कांग्रेस का अच्छा माहौल है और सरकार के खिलाफ भयंकर लहर है।

उन्होंने कहा कि हमारा चुनाव प्रचार अभियान सही चल रहा है और पांच यात्राएं निकाली गई, इनका जनता ने अच्छा समर्थन किया है और इससे संकेत मिलता है कि लोगों की भावना है कि सरकार ने पांच साल में बर्बाद कर दिया, बेरोजगारी भयंकर है, नकली शराब से 70 लोग मारे गए वहीं मोरबी में हादसे की सरकार कमीशन बैठाकर जांच नहीं करा रही है, हाई कोर्ट के जज या उसके सेवानिवृत न्यायाधीश से जांच कराने में क्या तकलीफ है, वह भी नहीं कर रहे है, जिद्दी लोग है, कमीशन बैठाकर जांच होने पर कम से कम आगे के लिए तो डर हो कि आगे से ऐसी घटनाएं नहीं हो। उन्होंने कहा कि यह बहुत बड़ी घटना थी, जिसका भी असर पड़ेगा।

उन्होंने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान पहुंचने के सवाल पर कहा कि उनकी यात्रा को लेकर राज्य की कैबिनेट बैठक में विस्तृत चर्चा की गई है और यात्रा में सभी मंत्री शामिल होंगे।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की थीम महंगाई एवं बेरोजगारी को लेकर, शांति एवं सदभाव, प्यार मोहब्बत बनी रहे, लोग झगड़े नहीं, आज के हालात में जो तनाव है, हिंसा हो रही है ऐसे में कोई केन्द्र सरकार की आलोचना तक नहीं सकता , पहली बार देश में इस तरह माहौल बना है जो लोकतंत्र के लिए खतरनाक है, इसके लिए हमारी लड़ाई जारी रहेगी।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की यात्रा से लाखों लोग जुड़े है और हमारा कारवां चल पड़ा है और इस यात्रा से पूरे देश में घर घर संदेश गया है कि राहुल गांधी के मुद्दे मंहगाई, बेरोजगारी एवं शांति के है जो जनता के मुद्दे है।